बरेली। सीबीगंज इंडस्ट्रियल एरिया मे एक कबाड़ गोदाम मे अचानक आग लग गई। कुछ ही देर मे आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। ऊंची- ऊंची लपटें और धुएं से आसमान घिर गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड व पुलिस मौके पर पहुंची और डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। मिली जानकारी के अनुसार थाना सीबीगंज जौहरपुर इंडस्ट्रियल एरिया मे एवरग्रीन फर्टिलाइजर के नाम से एक फैक्ट्री चलाई जाती है। जिसके मालिक संजीव अग्रवाल है। फैक्ट्री के पीछे ही उन्होंने एक गोदाम बना रखा है। जिसमें कबाड़ का सामान व केमिकल रखा रहता है। शनिवार की सुबह करीब नौ बजे अचानक फैक्ट्री मे किसी तरह कबाड़ में आग लग गई। कबाड़ गोदाम मे आग लगने से आसपास की फैक्ट्री मालिक घबरा गए। कबाड़ गोदाम के बराबर मे उद्यमी गौरव मित्तल व उसके सामने उद्यमी तनुज भसीन की फैक्ट्री है। आग लगने की सूचना पर आसपास के कई फैक्ट्रियों के मालिक तुरंत ही मौके पर पहुंच गए। उन्हें आशंका थी कि कहीं कबाड़ गोदाम में लगी आग उनकी फैक्ट्री को भी चपेट में न ले ले। वहीं उद्यमी गौरव मित्तल ने बताया कि इस फैक्ट्री में कई तरह के केमिकल, गंधक, पोटाश आदि ज्वलनशील पदार्थ रखे रहते हैं, अगर इसमें आग लगती तो तेज धमाका हो सकता था लेकिन गनीमत रही कि उससे पहले ही फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया। आसपास के उद्यमियों ने बताया कि इस गोदाम में दो बार पहले भी आग लग चुकी है। करीब पांच महीने पहले भी इसी कबाड़ गोदाम में आग भड़की थी, तब भी फायर ब्रिगेड को आग बुझाने में खासी मशक्कत करनी पड़ी थी। बार-बार आग लगने का कारण लोगों को समझ नही आ रहा। वही आग लगने के बाद मौके पर फैक्ट्री मालिक संजीव अग्रवाल नही पहुंचे। बताया गया कि वह कहीं बाहर गए हुए है। इस वजह से फैक्ट्री में हुए नुकसान का भी आकलन नहीं किया गया।।
बरेली से कपिल यादव
