बरेली। शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा के बीच जुमे की नमाज अदा की गई। जुमे की नमाज के मद्देनजर धार्मिक स्थलों समेत शहर को छावनी मे तब्दील किया गया था। जिले भर में जुमे की नमाज पूरी तरह शांति और सौहार्द के माहौल में संपन्न हुई। शहर के संवेदनशील स्थलों पर एसएसपी अनुराग आर्य ने पुलिस अधिकारियों समेत भारी पुलिस फोर्स के साथ पैदल गश्त की। शहर में अभी भी सेक्टर स्कीम लागू है और खुफिया विभाग भी नजर बनाए हुए है। आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां के इशारे पर 26 सितंबर को जुमे की नमाज के बाद शहर में कई जगह उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव कर फायरिंग कर बवाल किया था। इसमें 22 पुलिस कर्मी भी घायल हुए थे। मामले में अलग अलग थाने में 10 मुकदमे दर्ज कराए। पुलिस प्रशासन की टीम इसी के चलते शुक्रवार को पूरी तरह से अलर्ट थी। शहर में एसएसपी अनुराग आर्य और एसपी सिटी मानुष पारीक ने अधिकारियों के साथ फ्लैग मार्च निकालते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। एसएसपी ने बताया कि पुलिस फोर्स सक्रियता से अपनी ड्यूटी कर रही है। कंट्रोल रूम से पूरी निगरानी की जा रही है। अधिकारी भी इलाके में गश्त करते रहते हैं। जिले में इस समय भी दूसरे जिलों के चार एएसपी, चार सीओ, 40 इंस्पेक्टर व 700 पुलिसकर्मी मौजूद हैं। इसके साथ ही 4500 पुलिसकर्मी जिला पुलिस के हैं। क्विक रेस्पांस टीम के रूप मे 20 महिला टीम मौजूद रहती है।।
बरेली से कपिल यादव