बरेली। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से कोरोना वैक्सीनेशन की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। कोरोना वैक्सीनेशन का माइक्रो प्लान तैयार हो गया है। वैक्सीनेशन की तैयारियां कितनी पूरी हुई है। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग मंगलवार को ड्राई रन करने जा रहा है। जिसको लेकर सोमवार को जिला अस्पताल में बैठक हुई। इसके लिए शहर और देहात समेत छह वैक्सीनेशन सेंटर बनाए गए हैं। सीएमओ के निर्देश पर इन सेंटरों पर पूरी तैयारी कर ली गई है। इन सभी सत्र स्थलों पर जरूरी व्यवस्थाएं जुटाई जा रही है। वैक्सीनेशन की तैयारियां परखने और खामियों को दूर करने के लिए मंगलवार को एक ड्राई रन होने जा रहा है। पहले चरण में जिले मे चिकित्सक तथा स्वास्थ्यकर्मी को टीकाकरण के लिए चिन्हित किया गया है। यह सभी चिकित्सक तथा स्वास्थ्यकर्मी हैं। इन्हें टीके लगाने के लिए जिला महिला अस्पताल सहित कुल छह सत्र स्थल बनाए गए हैं। शहर में महिला जिला अस्पताल, खुश्लोक अस्पताल, बांस मंडी स्थित आयुर्वेदिक अस्पताल और देहात क्षेत्र में राममूर्ति मेडिकल कॉलेज, रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज और रामनगर सीएचसी पर वैक्सीनेशन की ड्राई रन होगी। वैक्सीनेशन के लिए पहले चरण में सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों को सेंटर बनाया जा रहा है। इसके लिए सभी सेंटर पर कम से कम तीन कमरे होने चाहिए। पहला कमरा वेटिंग रूम रहेगा जहां स्वास्थ्य कर्मियों को बैठाया जाएगा और अन्य औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। दूसरा कमरा वैक्सीनेशन का होगा। यहां कोविड-19 की वैक्सीन लगाई जाएगी। तीसरा कमरा रिस्पांस रूम होगा। जिसमें वैक्सीनेशन के बाद स्वास्थ्य कर्मी को रोका जाएगा। वहां डाक्टरों की एक टीम भी तैनात रहेगी जो स्वास्थ्य कर्मियों के सेहत की जांच करेगी और आपात स्थिति में मदद करेगी। वैक्सीन की कम से कम दो डोज लगेंगी। वैक्सीन की कंपनी के अनुसार तय होगा कि दो डोज से ही काम हो जाएगा या तीसरी भी लगानी पड़ेगी। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. आरएन सिंह ने बताया कि एक डोज के बाद दूसरी डोज में तकरीबन 28 दिन का अंतराल होगा। इसकी सूचना कोविन एप के जरिए संबंधित व्यक्ति तक पहुंचेगी। पहली डोज लगवाने की सूचना के बाद, डोज लगने की सूचना भी मोबाइल पर मैसेज से दी जाएगी। इसमें वैक्सीन की कंपनी का नाम बताया जाएगा। साथ ही बताएंगे कि अगली डोज कब लगवानी है।।
बरेली से कपिल यादव
