बरेली। कड़ाके की सर्दी और गलन के चलते बुखार-जुकाम, खांसी के साथ ही पेट और सांस की बीमारियां हमलावर हो गई है। सोमवार को जिला अस्पताल में इलाज कराने के लिए मरीजों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हालत यह कि पर्चा काउंटर पर लगी कतार ओपीडी के अंदर तक पहुंच गई। पर्चा बनवाने में ही मरीजों-तीमारदारों को एक घंटे तक का समय लग गया। ओपीडी मे इस सीजन में पहली बार मरीजों की संख्या 3 हजार से भी अधिक रही। सर्दी में फंगल इंफेक्शन के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. सुषमा के अनुसार शरीर पर लाल दाने पड़ना और तेज खुजली होना इसके प्रमुख लक्षण हैं। डॉक्टरों के अनुसार ठंड में लोग भारी कपड़े पहनते हैं और कई दिनों तक उन्हें बिना धोए इस्तेमाल करते हैं। जिससे इंफेक्शन फैल रहा है। सुबह मौसम साफ नहीं होने के बाद भी ओपीडी में खासी भीड़ रही। पर्चा काउंटर पर सुबह 9 बजे तक मरीजों की कतार लग गई थी और दोपहर 1 बजे तक हालात ऐसे ही रहे। सोमवार का दिन होने के बाद भी सिर्फ चार काउंटर ही खोले गए थे। इसके चलते भी मरीजों को पर्चा बनवाने में परेशानी हुई। मरीजों की भीड़ ऐसी कि ओपीडी के गलियारे तक लाइन लगी रही। मरीज परेशान होते रहे। कई बार धक्का मुक्की की नौबत आई तो वहां तैनात सिक्योरिटी गार्ड ने मामला शांत कराया। सोमवार को ओपीडी में सांस के रोगियों की संख्या अधिक रही। एक वरिष्ठ फिजिशियन के अवकाश पर होने की वजह से सिर्फ दो कक्ष में फिजिशियन के बैठे। इसके साथ ही सर्दी-जुकाम, बुखार-खांसी के मरीजों की संख्या भी बढ़ गई है। पछुआ हवाओं से हड्डियों-जोड़ों मे दर्द की परेशानी भी बढ़ती जा रही है। सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में हड्डी रोग विशेषज्ञ के कक्ष के सामने मरीजों की लाइन लगी रही। एनसीडी क्लीनिक के प्रभारी डॉ. मयंक ने बताया कि पेट दर्द, ब्लड प्रेशर अनियंत्रित होने की परेशानी लेकर कई मरीज पहुंचे।।
बरेली से कपिल यादव
