बरेली। जिले मे जरी कारोबारी की फर्म के खाते से बैंक कर्मचारियों ने धोखाधड़ी कर 3.80 लाख रुपये निकाल लिये। इसकी शिकायत पर बैंक कर्मचारी झगड़ा करने पर आमादा हो गये। मामले की शिकायत एसएसपी से की गई। एसएसपी के आदेश पर थाना इज्जतनगर मे मुकदमा दर्ज किया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक थाना इज्जत नगर क्षेत्र की अवध धाम कॉलोनी निवासी सौरभ कुमार एसएस फैबरीकेशन के नाम से फर्म चलाते है। उनका बैंक ऑफ बड़ौदा कर्मचारीनगर मे खाता है। 28 अक्टूबर को उनके मोबाइल पर दो लाख रुपये निकलने का मैसेज आया। उन्होंने अपना खाता चेक किया। अपने घर पर जानकारी की। किसी को उन्होंने कोई चेक नही दिया था। कैश ट्रांसफर नही किया था। इसकी जानकारी करने पर वे बैंक पहुंचे। बैंक वालों ने उनकी बात को गंभीरता से नही लिया। उन्होंने कस्टमर केयर से लेकर मैनेजर तक शिकायत की। इसके बाद उन्होंने अपने खाते का छह महीने का बैंक स्टेटमेंट निकाला। पता लगा कि दो बार में उनके खाते से 3,79,890 रुपये निकाले गए है। उन्होंने इसकी शिकायत कई बार बैंक अधिकारियों से की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस पर उन्होंने एसएसपी से शिकायत की। एसएसपी के आदेश पर थाना इज्जतनगर में बैंक ऑफ बड़ौदा के कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।।
बरेली से कपिल यादव