जमीनों के फर्जीवाड़े में प्रॉपर्टी डीलर का मैनेजर घर से गिरफ्तार

बरेली। पुलिस ने जमीनों का फर्जीवाड़ा करने वाले विजय अग्रवाल के गिरोह के सदस्य कार्तिकेय त्रिपाठी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है। वह विजय अग्रवाल के कहने पर फर्जी दस्तावेज के आधार पर लोगों की जमीनों का फर्जी बैनामा कराता था। इस प्रकरण में आरोपी लेखपाल सावन कुमार पहले ही जेल जा चुका है। पुलिस कार्तिकेय त्रिपाठी से पूछताछ कर रही है। एसपी सिटी मानुष पारीक ने आरोपियों द्वारा किए गए फर्जीवाड़ा की जानकारी दी। पुलिस जांच में पता चला है कि इस गिरोह में स्टाम्प वेंडर, लेखपाल समेत अन्य लोग शामिल हैं। इस गिरोह द्वारा कराई गईं कई फर्जी रजिस्ट्री सामने आ चुकी हैं। कोर्ट से गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद पुलिस ने आरोपी को उसके घर 230 मोहल्ला चौधरी गुलाबनगर निकट ब्रह्मदेव मन्दिर थाना किला से गिरफ्तार किया है। कार्तिकेय त्रिपाठी प्रॉपर्टी डीलर विजय अग्रवाल का मैनेजर था। विजय अग्रवाल और कार्तिकेय त्रिपाठी ने लेखपाल सावन कुमार तथा वेंडर के साथ मिलकर 17 मार्च 2023 को हरिओम के माध्यम से जमीन का फर्जी बैनामा पल्लव व प्रदीप के नाम कराया था। जिस जमीन का बैनामा कराया था। उसकी सरकारी कीमत 3.30 करोड़ रुपये थी। एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि ये गिरोह बहुत ही शातिर है। ये लोग चालाकी से जमीन बेचने का काम करते है। एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि गिरोह के जरिये पहले असली मालिक की जानकारी जुटाई जाती है। इसके बाद फर्जी दस्तावेज तैयार करके दूसरे व्यक्ति को रजिस्ट्री कर दी जाती है। इस पूरे प्रकरण में रजिस्ट्री कार्यालय, लेखपाल, वेंडर सभी शामिल रहते हैं। रजिस्ट्री होने के बाद अधिक कीमत में ये लोग जमीन बेच देते हैं। इस प्रकरण के आरोपी लेखपाल सावन कुमार और अमित राठौर गिरफ्तार किए जा चुके है। इस गिरोह पर 5 मुकदमे पंजीकृत है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *