जनपद में हर्षोल्लास के साथ मनायी गयी भारत रत्न डॉ भीमराव अंबेडकर जी की जयंती

हमीरपुर – आज भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की 131वीं जयंती का कार्यक्रम जिला स्तर पर कलेक्ट्रेट स्थित डॉ एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में जिलाधिकारी डॉ चंद्र भूषण की अध्यक्षता में आयोजित किया गया । उक्त के अलावा जनपद के कार्यालयों ,तहसीलों, विकास खंडों में भी यह कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।इसके अंतर्गत कलेक्ट्रेट सभागार में आज सर्वप्रथम जिलाधिकारी डॉ चंद्र भूषण, अपर जिलाधिकारी न्यायिक डॉ नागेंद्र नाथ यादव व अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा डॉ. अम्बेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि डॉ. अम्बेडकर जी का पूरा जीवन संघर्ष, सत्यनिष्ठा, लगन व वंचित वर्ग के प्रति करुणा का प्रतीक रहा है। उन्होंने व्यक्तिगत जीवन मे अनेक बाधाओं व कष्टों को सहा किंतु कभी भी अपने लक्ष्य से विचलित नहीं हुए। सार्वजनिक जीवन मे उन्होंने अश्पृश्यता व भेदभाव का कड़ा विरोध किया। उन्होंने कभी अपने मूल्यों से समझौता नहीं किया। आज हम एक सफल लोकतंत्र के रूप में दुनिया भर में सम्मान की दृष्टि से देखे जाते हैं तो इसके पीछे उस संविधान की सबसे बड़ी भूमिका है, जिसके शिल्पकार डॉ. अम्बेडकर हैं। बाबा साहब द्वारा रचित संविधान के द्वारा ही हमें सामाजिक, आर्थिक ,राजनीतिक , धार्मिक आदि सभी प्रकार की स्वतंत्रता मिली है । उन्होंने आगे कहा कि एक अच्छा लोकसेवक और एक अच्छा नागरिक बनने के लिए हमे डॉ भीमराव अंबेडकर की जीवनी को पढ़ना चाहिये तथा उनके बताए गए मार्गों / पदचिन्हों का अनुसरण करना चाहिए तथा हमें किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं करना चाहिए। जिलाधिकारी ने कहा कि भारत एक विविधता भरा देश है और तत्कालीन समय मे यह अनेक विषमताओं से जूझ रहा था। ऐसी परिस्थिति में इन विविधताओं को स्वीकारते हुए अखंड राष्ट्र का निर्माण बहुत बड़ी चुनौती थी। लेकिन डॉ. अम्बेडकर के नेतृत्व में प्रारूप समिति ने न सिर्फ इस चुनौती का सफलतापूर्वक सामना किया बल्कि एक ऐसे संविधान का निर्माण किया जो “विविधता में एकता” जैसे भारतीय मूल्य का साकार रूप था। भारत को एक राष्ट्र के रूप में खड़ा करने में संविधान की अतुलनीय भूमिका है। इस मौके पर बादल ने डॉ भीमराव अंबेडकर की जीवनी पर गीत प्रस्तुत किया।लखन लाल जोशी, नाथूराम पथिक ,बद्री प्रसाद वर्मा, गणेश सिंह सहित अन्य प्रबुद्ध व गणमान्य नागरिकों ने डॉ भीमराव अंबेडकर जी की जीवनी पर अपने अपने विचार व्यक्त किए। सीएमओ डॉ एके रावत ,उपायुक्त वाणिज्यकर जय सेन, सेवायोजन अधिकारी अमित कुमार ,नाजिर गुरुदेव सिंह व अकबर अली आदि ने भी अपने-अपने उद्बोधन में डॉ भीमराव अंबेडकर की जीवनी पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का सफल संचालन जलीस खान ने किया।
इस मौके पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक नागेंद्र नाथ यादव , सीवीओ देवेंद्र कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी रामजतन यादव ,जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी वृंदावन अहिरवार ,सहायक निदेशक मत्स्य, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी अभय कुमार सागर सहित अन्य विभागों के अधिकारी व प्रबुद्ध व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *