बरेली। प्रधानमंत्री जन कल्याण योजना प्रचार प्रसार कला एवं सांस्कृतिक प्रभाग अभियान संगठन द्वारा रविवार को सिविल लाइंस स्थित सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के महानगर अध्यक्ष डॉ कुलमोहन अरोड़ा एवं विशिष्ट अतिथि नगर विधायक डॉ अरुण कुमार सक्सेना रहे। कार्यक्रम में बोलते हुए डॉ अरोड़ा ने कहा कि महानगर अध्यक्ष होने के नाते दिन भर तमाम लोगों और उनकी समस्याओं से रूबरू होता रहता हूं। कई अलग अलग विधाओं से जुड़े कलाकारों से भी संपर्क रहता है। हम बहुत जल्द ही आप सब लोगों के विषय में वृहद कार्ययोजना तैयार करेंगे। लॉकडाउन के दौरान आप सब को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पार्टी स्तर पर बने सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के माध्यम से मुकाम दिलाने का प्रयास करूंगा। नगर विधायक डॉ अरुण कुमार ने सभी कलाकारों को धन्यवाद देते हुए कहा कि कोरोना काल के मुश्किल वक़्त से गुजरने के वावजूद भी आप सब इस संगठन के बैनर तले इन योजनाओं का प्रचार प्रसार करने की भावना मन मे लिए पूरे मनोयोग से लगे हुए हैं। तदुपरांत उन्होंने केंद्र व राज्य सरकारों द्वारा चलाई जा रही तकरीबन 120 योजनाओं के विषय मे बताया और कुछ योजनाओं पर विस्तृत प्रकाश भी डाला। संगठन के जिलाध्यक्ष संजीव कुमार शुक्ला ने राष्ट्र निर्माण में सब कलाकारों की भूमिका और दायित्व के विषय में सबको जागरूक किया। साथ ही इस संगठन को बनाने के उद्देश्य कार्यप्रणाली और भविष्य की योजनाओं के विषय में समझाया। कार्यक्रम में मौजूद सभी कलाकारों, सदस्यों एवं पदाधिकारियों ने अपना संक्षिप्त परिचय दिया और समस्याओं के विषय मे अवगत कराया। कार्यक्रम में सभी को नगर विधायक एवं महानगर अध्यक्ष के हाथों से नियुक्ति पत्र भी प्रदान किये गए।।
बरेली से कपिल यादव