बिथरी चैनपुर, बरेली। जनपद के थाना बिथरी चैनपुर क्षेत्र के पुरनापुर गांव में प्रधानी की चुनावी रंजिश को लेकर बुधवार की देर रात मौजूदा प्रधान के हिस्ट्रीशीटर पति ने पूर्व प्रधान पक्ष के लोगों पर जानलेवा हमला कर दिया। उसे बचाने आए पूर्व प्रधान पर भी हमलावरों ने मारपीट कर फायरिंग की। इसमें पूर्व प्रधान समेत उनके साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर सीओ थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंच कर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। पूर्व प्रधान पक्ष की तहरीर पर वर्तमान प्रधान पति, देवरों सहित नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना क्षेत्र के पुरनापुर गांव निवासी शानू ने बताया कि वह पूर्व प्रधान धनपाल पटेल का चुनाव में सहयोग करते है इसलिए विरोधी पक्ष उनसे रंजिश मानता है। बुधवार की रात उनका भाई देवेन्द्र उर्फ गुड्डू रिश्तेदारी से आ रहे थे। आरोप है कि गांव में पहले से घात लगाए बैठे वर्तमान प्रधान पति संजीव पटेल ने अपने भाइयों कमल पटेल, विनोद पटेल, हाकिम पटेल, विनोद पटेल, सुरेंद्र पटेल और साथी प्रशांत, प्रकाश, रोहित, गिरीश के साथ मिलकर देवेंद्र पर हमला बोल दिया। शोर शराबा के बीच उधर से अपनी कार से गुजर रहे पूर्व प्रधान धनपाल पटेल ने देवेंद्र को बचाने का प्रयास किया। इससे गुस्साए हमलावरों ने दोनों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि संजीव पटेल ने जान से मारने की नीयत से दोनों पर फायरिंग कर दी। इससे एक गोली देवेंद्र के पैर में और दूसरी धनपाल को छूते हुई निकल गई। बिथरी थाना प्रभारी चंद्रप्रकाश शुक्ला ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तीन को हिरासत में लिया गया है। अन्य फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जायगा।।
बरेली से कपिल यादव