बरेली। जनपद के थाना सुभाषनगर क्षेत्र मे अलमारी की चाबी बनाने को आए दो युवक दिनदहाड़े लाखों के जेवरात लेकर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची सुभाषनगर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। दोनों चोर सीसीटीवी कैमरे मे कैद हो गए हैं, पुलिस उनकी तलाश कर रही है। सुभाषनगर की ग्रेटर कैलाश कॉलोनी निवासी योगेंद्र पाल सिंह रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर है। उनके घर में रखी अलमारी का लॉक खराब हो गया था। जिसे बनाने के लिए शुक्रवार दोपहर करीब एक दो व्यक्तियों को बुलाया गया था। पगड़ी बांधकर पहुंचे दोनों युवक कमरे में रखी अलमारी की चाबी बनाने लगे और इसी दौरान उन्होंने योगेंद्र की पत्नी संतोष राठौड़ से पीने के लिए पानी मांगा। संतोष पानी लेने चली गईं और उनके पति योगेंद्र पाल सिंह कमरे में ही मौजूद रहे। कुछ देर बाद दोनो युवक आधा घंटे मे चाबी बनाकर लाने की बात कहकर वहां से चले गए। जब वे दोनों वापस नही आए तो उन लोगों को शक हुआ और शाम चार बजे अलमारी के लॉकर का लॉक तोड़कर चेक किया। उन लोगों ने देखा कि लॉकर में रखी जेवरात की थैली गायब है, जिसमें उनकी दो बेटियों के गहने रखे थे। जेवरात गायब देखकर उन लोगों ने सुभाषनगर इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार को सूचना दी तो वह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच कराई तो दोनों चोर की फुटेज मिल गई। पुलिस घटना का मुकदमा दर्ज कर दोनों की तलाश कर रही है।।
बरेली से कपिल यादव
