चाकू से हमले मे घायल किशोर की मौत, हत्या की धारा बढ़ेगी

रिठौरा, बरेली। चाकू से हमले मे घायल किशोर ने रविवार की रात इलाज के लिए दिल्ली ले जाते समय दम तोड़ दिया। पुलिस ने हमले के चारों आरोपियों को कोर्ट मे पेश किया था। वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। शुक्रवार 27 जनवरी को कस्बे के मोहल्ला इंद्रपुरी निवासी शरीफ अहमद का बेटा समीर (16) मोहल्ले की ही एक किराना की दुकान पर घर का कुछ सामान लेने गया था। इस दौरान किसी बात को लेकर मोहल्ले के आरिफ से उसकी कहासुनी हो गई थी। झगड़ा इतना बढ़ गया कि आरिफ ने अपने साथी जाकिर, करन व एक अन्य नाबालिग साथी के साथ मिलकर समीर पर चाकू से हमला कर दिया। हमले मे समीर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे बरेली के एक निजी अस्पताल मे भर्ती कराया था। लेकिन हालत गंभीर होने के कारण परिजन रविवार की रात उसे दिल्ली ले जा रहे थे कि रास्ते मे उसने अपना दम तोड़ दिया। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद उसके शव को सुपुर्द ए खाक कर दिया गया। उधर शरीफ अहमद की तहरीर पर पुलिस ने शनिवार की सुबह को ही चारों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास मे रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। रविवार को पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था और हमले में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया था। पुलिस ने चारों आरोपियों को शनिवार को ही न्यायालय मे पेश किया। जहां से तीन आरोपियों आरिफ, जाकिर और करन यादव को जेल भेज दिया गया। वही एक आरोपी बाल अपचारी होने के कारण बाल सुधार गृह भेज दिया गया। चौकी इंचार्ज वैभव गुप्ता ने बताया कि अब चारों आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्यवाही हत्या की धाराओं मे की जाएगी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *