घरों से शिवालयों तक हर-हर महादेव का जयघोष, मंदिरों मे उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, सड़कों तक लगी रही कतार

बरेली। महाशिवरात्रि के मौके पर रविवार को घरों से लेकर सप्तनाथ मंदिरों समेत अन्य मंदिरों में भक्तों ने भगवान शिव की पूजा की। शहर में प्रमुख शिव मंदिरों में पांच पहर की पूजा संपन्न हुई। हर-हर महादेव के जयकारे गूंजने लगे। भक्तों ने पूजा अर्चना कर जलाभिषेक किया और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। पूरे दिन मंदिरों के चाहर भक्तों की भीड़ रही। मंदिरों में सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस मुस्तैद रही। कांवड़ियों के लिए विशेष गलियारे बनाए गए, ताकि उन्हें दिक्कत न हो। सीसीटीवी कैमरों से निगरानी होती रही। सातों नाथ मंदिरों के अलावा आनंद आश्रम, हरि मंदिर, रामायण मंदिर सहित राजेंद्र नगर स्थित श्री बांके बिहारी मंदिर तथा बाबा नीलकंठ मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भीड़ रही। दिनेश तनेजा, संजय अरोड़ा, पवन अरोड़ा, तेजस अरोड़ा, सतीश कातिब, विशाल कपूर, कुलदीप चावला आदि रहे। तपेश्वरनाथ मंदिर: सुभाष नगर स्थित तपेश्वरनाथ मंदिर में सुबह से ही भक्तों को भीड़ रही। यहां मंदिर के पुजारी बिशन शर्मा, श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ का श्रृंगार सब्जियों से किया। सर्वार्थ सिद्धि योग महाशिवरात्रि पर्व पर महामृत्युजंय मंत्र उच्चारण के साथ सप्तनाथ मंदिरों पर नाथ नगरी जलाभिषेक समिति ने सातों नाथ मंदिर में जलाभिषेक किया। पं. आशुतोष शर्मा, अनूप अग्रवाल, पंकज देवल, रोहित अग्रवाल, ब्रजवासी लाल अग्रवाल, आशुतोष अग्रवाल, मनोज देवल, राधिका शर्मा, मीरा देवल आदि रहे। धोपेश्वरनाथ मंदिर मे भोर से लेकर रात तक शिव के दर्शन पूजन करने के लिए भक्तों की भीड़ जुटी रही। मंदिर में दीपदान उत्सव का आयोजन किया गया। उधर, जोगीनवादा स्थित वनखंडीनाथ मंदिर मे भी श्रद्धालुओं की लंबी लाइन देर रात से ही लग गई थी। महंत केदारगिरी ने बताया कि यहां देर रात तक कार्यक्रम जारी रहा। आनंद आश्रम में स्थापित सहस्त्र लिंगेश्वर महादेव में जलाभिषेक के लिए लोगों की भीड़ रही। कैंट विधायक संजीव अग्रवाल समेत बड़ी संख्या में लोगों ने जलाभिषेक किया। प्रेम शंकर अग्रवाल, अनिल अग्रवाल, विवेक अग्रवाल, अनुज अग्रवाल आदि रहे। बाबा त्रिवटीनाथ मंदिर में आधी रात से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारे लग गई। भोर में कपाट खुलते ही प्रधान पुजारी ने विधि-विधान से पूजन किया। हर-हर महादेव के जयघोष से मंदिर परिसर गूंज उठा। भक्तों ने दूध, दही, शहद, गंगाजल और बेलपत्र अर्पित कर जलाभिषेक किया। महिलाओं, बुजुर्गों और कांवड़ियों की विशेष भीड़ रही। अलखनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की कतार रेलवे लाइन तक पहुंच गई, जिसके चलते पुलिस को रूट डायवर्ट करना पड़ा। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और स्वयंसेवकों ने व्यवस्था संभाली। जोगीनवादा स्थित बनखंडीनाथ मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने जलाभिषेक किया। मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *