गोशालाओं की निगरानी को सीसीटीवी कंट्रोल रूम करें स्थापित

बरेली। मुख्य सचिव एसपी गोयल ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिये बैठक कर प्रशासनिक अफसरों को मंडल के जिले की सभी गोशालाओं में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए हैं। कहा कि गोशालाओं की प्रभावी निगरानी के लिए जिला स्तर पर सीसीटीवी कंट्रोल रूम स्थापित करें। जहां से इनकी सतत मॉनीटरिंग करते हुए सुचारु व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। चारागाह भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराकर गोशालाओं से टैग करने के निर्देश दिए और चारागाह भूमि पर हरे चारे का उत्पादन करने पर बल दिया। वीडियो कान्फ्रेंसिंग में मुख्य सचिव ने दुग्ध समितियों के सदस्यों को किसान क्रेडिट कार्ड जारी कराने पर भी जोर दिया। मुख्य विकास अधिकारी को शासन की प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों की नियमित मॉनीटरिंग करने के निर्देश दिए। इसके साथ मुख्य सचिव ने जनगणना-2027 के संबंध में बताया कि प्रथम चरण में हाउस लिस्टिंग एवं आवास जनगणना (एचएलओ) का क्षेत्रीय कार्य मई-जून के दौरान कराया जाएगा। जनपद में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति का गठन करें। समिति में मुख्य विकास अधिकारी, नगर आयुक्त, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी तथा जनगणना कार्य निदेशालय का प्रतिनिधि सदस्य होंगे। अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) संयोजक होंगे। मुख्य सचिव ने कहा कि समिति जनगणना की प्रारंभिक तैयारियां, प्रशिक्षण, मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना, जिला जनगणना हस्तपुस्तिका तैयार करेगी। साथ ही जनसंख्या गणना, आंकड़ों के प्रकाशन एवं सारणीकरण आदि कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराएगी। मास्टर ट्रेनर्स के लिए योग्य अधिकारियों का चयन कर उनका प्रशिक्षण समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। जनगणना कार्य निदेशक निदेशक शीतल वर्मा ने जनगणना की प्रक्रिया, समय-सीमा एवं जनगणना की कार्ययोजना पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। वीडियो कान्फ्रेंसिंग मे एनआईसी के जरिए मंडलायुक्त भूपेंद्र एस चौधरी, डीएम अविनाश सिंह, सीडीओ देवयानी, अपर आयुक्त प्रशासन प्रीति जायसवाल, नगर आयुक्त संजीव मौर्य, एडीएम फाइनेंस संतोष कुमार सिंह, एडीएम सिटी सौरभ दुबे आदि अधिकारी जुड़े।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *