गोंडा के शेल्टर होम में ठहरी बिहार की महिला ने दिया बच्चे को जन्म, दोनों स्वस्थ

गोंडा।कोरोना से जंग के बीच शुक्रवार को जिले से सुकून देने वाली खबर आई। लॉकडाउन के दौरान गांधी इंटर कॉलेज में ठहरी बिहार की रहने वाली गर्भवती ने एक नवजात को जन्म दिया है।कोरोना संकट के कारण लागू लॉकडाउन के दौरान महिला को शेल्टर होम में रखा गया था।

ये है पूरा मामला

मामला जिले के गांधी इंटर कॉलेज में स्थापित शेल्टर होम का है। यहां शुक्रवार को औरंगाबाद दावतपुर बिहार की रहने वाली 25 वर्षीय गर्भवती फुलवन्ती देवी पत्नी राहुल ने नवजात को जन्म दिया है। कोरोना संकट के कारण लागू लॉकडाउन के दौरान महिला को शेल्टर होम में रखा गया था। जहां उसे सुबह लगभग दस बजे प्रसव पीड़ा शुरू हुई। इसकी सूचना वहां पर मौजूद कर्मियों ने जिलाधिकारी को दी। जिलाधिकारी डॉ. नितिन बंसल ने तत्काल 102 एंबुलेंस भिजवाकर महिला को महिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। महिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ एपी मिश्र को स्वयं निगरानी के निर्देश दिए। दोपहर लगभग साढ़े 12 बजे महिला ने स्वस्थ नवजात शिशु को जन्म दिया। जिलाधिकारी ने बताया कि महिला आठ माह पूर्व ग्राम पंचायत ललईपुर पूरे ललक में मजदूरी के लिए आई थी। कोरोना संकट के कारण वह गांधी इंटर कालेज के शेल्टर होम में रह रही थी। फिलहाल जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *