बरेली। नगर निगम परिसर मे गुटखा खाकर थूकने पर बेलदार को थप्पड़ मारने के मामले मे पर्यावरण अभियंता के खिलाफ धरना प्रदर्शन पर बैठे कर्मचारी और यूनियन के पदाधिकारियों ने अनशन की चेतावनी दी तो निगम प्रशासन मे हड़कंप मच गया। शुक्रवार की देर शाम मेयर डॉ. उमेश गौतम ने दोनों पक्षों को बैठाकर समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया। इसके बाद धरना खत्म हो गया। सोमवार को नगर निगम के निर्माण विभाग के पुराने भवन में एक्सईएन राजीव कुमार राठी, सहायक अभियंता मुकेश शाक्य ने कार्य में देरी पर बेलदार और मेठ पर नाराजगी जताई थी। बेलदार अनिल कुमार ने गुटखा दीवार पर थूक दिया। एक्सईएन ने कर्मचारी पर जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। आरोप है कि बेलदार को एक्सईएन ने थप्पड़ मार दिया था। इसके बाद से नगर निगम कर्मचारी संघ के निर्माण विभाग के सभी कर्मचारी अनिश्चित कालीन धरने पर निर्माण गोदाम सीआई पार्क में बैठे है। धरना-प्रदर्शन कर रहे यूनियन नेताओं ने अनशन की चेतावनी दे दी। इसके बाद नगर निगम में खलबली मच गई। मेयर ने शुक्रवार की देर शाम दोनों पक्षों को बुलाकर उन्हें समझाया और गिला-शिकवे मिटाकर दोनों पक्षों में समझौता करा दिया। वहीं नगर निगम कर्मचारी संघ ने धरना प्रदर्शन रद करने का ऐलान कर दिया। यूनियन नेता जयपाल सिंह पटेल ने बताया कि मामले में समझौता हो गया और धरना प्रदर्शन को खत्म कर दिया है। उत्तर प्रदेश स्थानीय निकाय कर्मचारी संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राम प्रताप सिंह, वरिष्ठ मंत्री मो. हनीफ, महक सिंह आदि माैजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव