आजमगढ़-आजमगढ़ के राहुल नगर मड़या में स्थित श्री गांधी आश्रम में करोड़ों का घोटाला सामने आया है। आश्रम के मंत्री व प्रबंध कमेटी पर कर्मचारियों के शोषण, उत्पीड़न, भ्रष्टाचार, फण्ड गमन में अनियमितता, ग्रेच्युटी भुगतान न करने, वेतन बिल न बनाने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। आरोप लगाते हुए आश्रम के कर्मचारी संगठन के उपाध्यक्ष सत्यनारायण सिंह के नेतृत्व में कर्मियों ने आज डीएम से मिल कर मांगों का ज्ञापन सौंपा और अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए। आजमगढ़ के गांधी आश्रम की जर्जर हालत खुद यहाँ की स्थिति बयां कर दे रही है। कर्मियों के अनुसार करीब 10 करोड़ का घोटाला कई वर्षों से हुआ है। कर्मचारियों का करीब 2 करोड़ पीएफ का जमा नहीं कराया गया जिससे उनको पेंशन नहीं मिल पा रही है। कहा कि यहाँ केन्द्रीय वस्त्रागार खाली है, उत्पादन बंद है, कच्चा माल की कोई खरीद नहीं हो रही है। बाहरी तैयार माल की खरीद जाती है और मंत्री व व्यवस्थापक इसमें भी 30% का कमीशन लेकर यहाँ के गांधी आश्रम का ठप्पा लगा अन्य पार्टियों को बेच रहे हैं। बिक्री का पैसा भी सीसी अकाउंट में नहीं जमा होता है। 80% कर्मचारियों को वेतन नहीं मिल रहा है। कर्मचारी भुखमरी के कगार पर हैं और जैसे तैसे जीवन यापन चल रहा है। वहीं कर्मचारियों के ज्ञापन के संबंध में डीएम का कहना है कि 2 सदस्यों की कमेटी बना कर पूरे प्रकरण की जांच होगी।
रिपोर्ट-:राकेश वर्मा आजमगढ़