बरेली। क्षेत्र के गन्ना किसानों की समस्याओं को लेकर विधायक डॉ. एमपी आर्य ने मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके कार्यालय में भेंट की। उन्होंने ओसवाल और बरखेडा स्थित बजाज चीनी मिलों पर किसानों के करोड़ों रुपये के बकाए भुगतान का मुद्दा उठाते हुए शीघ्र भुगतान कराने की मांग की। विधायक ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि लंबे समय से गन्ना भुगतान लंबित होने के कारण क्षेत्र के किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री को एक पत्र सौंपते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की, जिस पर मुख्यमंत्री ने आवश्यक कदम उठाने का भरोसा दिलाया। विधायक ने क्योलडिया डैम क्षेत्र में अप्सरा नदी पर बने पुलों की जर्जर स्थिति भी मुख्यमंत्री को बताई। कहा कि अधकटा रव्वानी बेगम और दलेलनगर के बीच बना पुल पुराना और जर्जर हो चुका है। सड़क चौड़ीकरण के बाद पुल संकरा होने से हुई दुर्घटनाओं में लोगों की जान भी जा चुकी है। विधायक ने यहां नए पुल के निर्माण को जरूरी बताया है। जनता की समस्या के हल और विकास कार्य के प्रति मुख्यमंत्री ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस अवसर पर कैट विधायक संजीव अग्रवाल भी मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
