बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। थाना क्षेत्र मे खेत पर गन्ना की बुवाई करने जा रहे किसान का ट्रैक्टर खाई मे पलट गया। ट्रैक्टर पलटने से उसके नीचे दबकर पिता-पुत्र की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार मूल रूप से गांव पट्टी और हाल निवासी शाही रोड फतेहगंज पश्चिमी कस्बा के मोहल्ला अंसारी के नंदप्रकाश (55 वर्ष) अपने पुत्र सुमित (22 वर्ष) के साथ खेत पर सुबह करीब साढ़े दस बजे ट्रैक्टर से गन्ना बोवाई करने जा रहे थे। चकरोड पर ट्रैक्टर किसी तरह से अनियंत्रित होकर खाई मे पलट गया। पिता-पुत्र ट्रैक्टर के नीचे दब गए। ट्रैक्टर मे हैरो भी लगा था। हादसा सुनसान स्थान पर होने के कारण कई घंटे तक किसी को जानकारी नही मिल सकी। दोपहर मे खेत से गन्ना छील कर गांव लौट रहे धर्मपाल ने ट्रैक्टर पलटा देख गांव मे सूचना दी। तब ग्रामीणों ने दूसरे ट्रैक्टर से खींचकर ट्रैक्टर को सीधा किया। तब तक नंदप्रकाश और उनके पुत्र की मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव मे मातम छा गया। इधर परिवार मे त्योहार की सारी खुशियां काफूर हो गई। हर तरफ मातम पसर गया।।
बरेली से कपिल यादव
