बरेली। कलेक्ट्रेट गेट पर गुरुवार को दोपहर में किसानों ने हंगामा कर दिया। धरना-प्रदर्शन कर रहे भाकियू (टिकैत) गुट के किसान को सरकारी कार ने टक्कर मार दी। जिससे वह जख्मी हो गया। इसके बाद आक्रोशित किसान नेताओं ने हंगामा शुरू कर दिया और आरोप लगाकर सनसनी फैला दी कि किसानों को जान-बूझकर कुचलने की कोशिश की गई है। कोतवाली पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया और पुलिस अधिकारियों ने किसानों को समझाकर मामला शांत कराया। बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया। अमेरिका-भारत व्यापार समझौते को रद्द कराने की मांग को लेकर गुरुवार की दोपहर धरना-प्रदर्शन कर ज्ञापन देने पहुंचे भाकियू (टिकैत) के पदाधिकारी कलेक्ट्रेट गेट पर धरना दे रहे थे। इसी दौरान डिप्टी जेलर की सरकारी गाड़ी लेकर कलेक्ट्रेट में जाने की कोशिश करते समय एक किसान के पैर पर कार का पहिया आ गया। हादसे में बहेड़ी का किसान जख्मी हो गया। इससे भाकियू नेताओं का पारा चढ़ गया और उन्होंने हंगामा करते हुए चालक को पकड़ लिया। मौके पर मौजूद पुलिस ने अनहोनी की आशंका पर चालक को हिरासत में ले लिया और कोतवाली ले गई। आक्रोशित भाकियू पदाधिकारियों ने सड़क पर बैठकर धरना दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि किसान को कुचलने के इरादे से चालक ने कार चढ़ाने का प्रयास किया। इससे माहौल तनाव पूर्ण हो गया। हंगामा बढ़ने पर कलेक्ट्रेट चौक पर ट्रैफिक रुक गया। पदाधिकारियों ने जोरदार नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस प्रशासन के प्रति नाराजगी जतायी और आरोपी चालक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। करीब 20 मिनट तक हंगामे के वीच धरना प्रदर्शन चला। कोतवाली इंस्पेक्टर ने पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर आक्रोशित पदाधिकारियों को समझा-बुझाकर शांत कराया। काफी देर तक पदाधिकारी कलेक्ट्रेट गेट पर जमे रहे। आरोपी के विरुद्ध कोतवाली में तहरीर देने की बात कही। हालांकि, दोपहर बाद कोतवाली में दोनों पक्षों के लोगों के वीच वातचीत हुई और समझौता कर लिया। इधर, भाकियू के युवा जिलाध्यक्ष सैयद शवावउद्दीन उर्फ मीरान का कहना है कि हम लोग गेट पर धरना प्रदर्शन कर रहे थे, तभी एक चालक ने सरकारी कार बहेड़ी के किसान पर चढ़ाने की कोशिश की। उसे पकड़ने को लिया तो उसने बैंक गेर में गाड़ी ले ली, इससे कई किसान चपेट में आने से वच गए। चालक को पुलिस पकड़कर ले गई थी। वहीं, कोतवाली इंस्पेक्टर सुरेश चंद्र गौतम का कहना है कि जेल विभाग की कार की हल्की टक्कर लग गई थी। दोनों पक्षों में आपस में कोतवाली में समझौता हो गया है। किसी पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।।
बरेली से कपिल यादव
