किला की जगह अब बरेली जंक्शन से शाही के लिए चलेंगी सात ई-बसें

बरेली। सिटी बस ट्रांसपोर्ट सर्विस प्राइवेट लिमिटेड अब शाही को किला की जगह जंक्शन से ई-बसें का संचालन करेगी। इसके लिए नये रूट का विस्तार कर दिया गया है। जल्द ही जंक्शन से मुसाफिरों को झुमका, फतेहगंज पश्चिमी और शाही को ई-बसें मिलेंगी। हालांकि जो चार बसें झुमका तिराहा तक चलाई जा रही थी। उनका संचालन बंद कर दिया जाएगा। बरेली मे स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत ई-बसों का संचालन शहर और देहात रूटों पर किया जा रहा है। बरेली महानगर के अंदर चार रूटों में मिनी बाइपास से इज्जतनगर, डेलापीर, श्यामंगज से होकर सेटेलाइट और जंक्शन को ई-बसें चलती हैं। दूसरा रूट मिनी बाइपास से डेलापीर, डीडीपुरम, धर्मकांटा, ईसाइयों की पुलिया है। तीसरा रूट मे ई-बसें मिनी बाईपास से डेलापीर, कुर्मांचलनगर, फनसिटी, सेटेलाइट, श्यामगंज, बरेली कॉलेज, अयूब खां कचहरी होकर जंक्शन पहुंचती हैं। चौथा रूट में जंक्शन से कचहरी, चौपुला, किला, सीबीगंज और झुमका तिराहा को चलती है। देहात रूटों में किला से भोजीपुरा और फतेहगंज पश्चिमी होकर शाही को बसें चलाई जाती है। हाल मे ही स्मार्ट सिटी की बैठक मे शाही रूट के बसों का विस्तार करने का निर्णय लिया गया। जो बसें किला से शाही को चलाई जाती है, उनका संचालन जंक्शन से शाही तक होगा। सात बसें जंक्शन से शाही को चलेंगी। जो चौपुला, किला, मिनी बाइपास, सीबीगंज, झुमका तिराहा, फतेहगंज पश्चिमी और शाही को जाएंगी। भोजीपुरा और फरीदपुर टोल से पहले तक ई-बसों का संचालन हो रहा है। जिस उद्देश्य से ई-बसों का संचालन देहात रूटों पर किया गया। उससे सिटी बस सर्विस को लाभ हुआ है। ई-बसें घाटे में चल रही थीं। जब भोजीपुरा, शाही और फरीदपुर तक बसें चलीं, तो यात्रियों की संख्या बढ़ गई। पहले 24 बसों से एक दिन में 30 से 35 हजार की कमाई हो रही थी। अब 50 से 55 हजार तक प्रतिदिन होने लगी है। हालांकि अभी कमाई और बढ़ने की उम्मीद है। क्योंकि, गांव-देहात के मुसाफिरों का एसी बसों की ओर रुझान बढ़ रहा है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *