बरेली। शहर के बटलर प्लाजा के सामने चर्च के पास बने कट को बंद करने के लिए सोमवार की सुबह नगर निगम के कर्मचारी पहुंचे। कट बंद करने के लिए सभी सामान पहुंच चुका था। तभी वहां आसपास के व्यापारियों ने विरोध जताया। उसके बाद दूसरे व्यापारियों को जानकारी होने पर काफी तादाद में व्यापारियों ने पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने कट बंद होने की जानकारी व्यापारी नेता विशाल मेहरोत्रा को दी। इस पर उन्होंने महापौर उमेश गौतम को जानकारी दी। महापौर के आदेश के बाद फिलहाल कट बंद करने का काम कर्मचारियों ने बंद कर दिया। बटलर प्लाजा के दुकानदार मनोज खटवानी ने बताया कि नगर निगम ने पहले से ही यहां पर डिवाइडर के दूसरे कट को बंद कर दिया है। अब व्यापारियों को केवल एक ही कट बचा है। जिसे नगर निगम बंद करना चाहता है। अगर इस कट को बंद कर दिया जाएगा तो व्यापारियों को बहुत लंबा चक्कर लगाकर उस तरफ जाना होगा। इससे व्यापारियों के साथ आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। हालांकि नगर निगम इस कट को बंद करना चाहता है तो कर दे लेकिन पहले की तरह मार्केट के दोनों प्रवेश गेट के सामने बड़े कट बनाने का काम करें। वहीं नगर निगम जाम और हादसों को रोकने के लिए डिवाइडर में बने कट को बंद कर रहा है। कट की वजह से लोग बीच से ही गाड़ियों को क्रॉस करते है। ऐसे में जाम की स्थिति बनी रहती है। कट की वजह से अचानक वाहनों को मोड़ने से हादसों की भी संभावना बनी रहती है। हालांकि महापौर ने विचार-विमर्श करने के बाद कट बंद करने या न करने की बात कही। विरोध करने वाले व्यापारियों में संदीप मेहरा, नाजिम, विपुल गर्ग, श्याम कृष्ण, नीलेश अग्रवाल, रवि टंडन, नदीम समेत अन्य व्यापारी शामिल थे।।
बरेली से कपिल यादव