बरेली। कुतुबखाना ओवरब्रिज निर्माण मरीजों के लिए मुसीबत बनता जा रहा है। गंभीर महिला मरीजों की जान आफत मे पड़ रही है। शुक्रवार को एक गर्भवती ने अस्पताल गेट पर ही बच्चे को जन्म दे दिया। हालांकि मरीज एंबुलेंस से अस्पताल आ रही थी मगर हालत गंभीर देख एंबुलेंस स्टाफ ने महिला का सुरक्षित प्रसव कराया। मिली जानकारी के अनुसार थाना बिथरी चैनपुर क्षेत्र के गांव गोपालपुर नगरीय निवासी रईस की पत्नी आसमा को प्रसव पीड़ा हुई। उन्होंने शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे पत्नी को सीएचसी पर भर्ती कराया। यहां महिला की जांच की गई। गंभीर हालत के चलते स्टाफ ने मरीज को हायर सेंटर रेफर कर दिया। एंबुलेंस मरीज को लेकर बरेली जिला महिला अस्पताल आ रही थी लेकिन नावल्टी चौराहे पर ओवरब्रिज निर्माण के चलते एंबुलेंस जाम मे फंस गई। करीब साढ़े पांच बजे जैसे ही एंबुलेंस अस्पताल गेट पर प्रवेश कर रही थी तभी मरीज को गंभीर प्रसव पीड़ा होने लगी। ऐसे मे एंबुलेंस में तैनात ईएमटी ज्ञानेंद्र कुमार और पायलट पुष्पेंद्र सिंह ने सूझबूझ के साथ महिला का सुरक्षित प्रसव कराया। हालांकि अब जच्चा-बच्चा दोनों जिला महिला अस्पताल में भर्ती हैं और स्वस्थ है।।
बरेली से कपिल यादव