ऑपरेशन के बाद प्रसूता की मौत, हंगामा, आरोपी डॉक्टर पर मुकदमा दर्ज

भमोरा, बरेली। जनपद के थाना भमोरा क्षेत्र के देवचरा के नजदीक बरेली-बदायूं रोड किनारे एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन से बच्चे को जन्म देने के बाद प्रसूता की मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। महिला के शव को पोस्टमार्टम को भेजा गया है। पुलिस ने डॉक्टर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। नौगवां अहिरान के धर्मेंद्र यादव ने बताया कि उसकी पत्नी सीमा यादव को पहली संतान जन्म देने के लिए 15 फरवरी की सुबह प्रसव पीड़ा हुई। जिसे लेकर धर्मेंद्र यादव पहले सीएचसी जाने की तैयारी मे था। पता चला कि महाशिवरात्रि और रविवार के कारण सीएचसी मे डॉक्टर नही मिलेंगे, इस वजह से वह अपनी पत्नी को देवचरा के समीप एक निजी अस्पताल मे लेकर गया। आरोप है कि डॉक्टर ने सब कुछ ठीक बताते हुए डिलीवरी प्रसव कराने की बात कही। उसके कुछ समय बाद ऑपरेशन के लिए 30 हजार रुपये जमा कराए। आरोप है कि डॉक्टर ने उसकी पत्नी के पेट का ऑपरेशन स्वयं कर दिया। कुछ देर बाद उसकी पत्नी की अस्पताल मे ही मौत हो गई। जिसे देखकर धर्मेंद्र यादव और उसके घर वालों ने ऑपरेशन मे लापरवाही का आरोप लगाते हंगामा शुरू कर दिया, महिलाएं सड़क किनारे रोने बिलखने लगी। सूचना पर थानाध्यक्ष सनी चौधरी फोर्स के साथ अस्पताल पहुंच गए, उन्होंने लोगों को शांत कर महिला के शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया। थानाध्यक्ष सनी चौधरी ने बताया कि महिला के पति की तहरीर पर अस्पताल के डॉक्टर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *