एसटीएफ ने 4.13 किलो अफीम के साथ छह तस्करों को किया गिरफ्तार

बरेली। एसटीएफ ने 4.13 किलो अफीम के साथ छह तस्करों को कैंट के विजय द्वार के पास से गिरफ्तार किया है। पूछताछ मे पता चला कि सभी आरोपित रांची से अफीम की तस्करी कर बरेली व आसपास के जिलों मे सप्लाई करते हैं। एसटीएफ गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। एसटीएफ को लंबे समय से नशा तस्करों के बारे में इनपुट मिल रहा था। एसटीएफ ने कैंट थाना क्षेत्र में कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। एसटीएफ बरेली इकाई के अपर पुलिस अधीक्षक अब्दुल कादिर ने बताया कि एसआई अमित कुमार के नेतृत्व मे टीम ने कैंट थाना क्षेत्र मे जंक्शन रोड से आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है। इन आरोपियों मे आंवला थाने के देवकोला गांव निवासी तेजराम, मनौना गांव निवासी अंकित सिंह, बिलौरी गांव निवासी शेर सिंह, सुभाषनगर थाने के करेली गांव निवासी राजकुमार उर्फ देवांश वर्मा शामिल है। साथ ही झारखंड के जिला चतरा के थाना इटखोरी के गांव नगवां निवासी चंदन यादव व झारखंड के ही जिला हजारीबाग के थाना न्यूरी कर्मा दादपुर निवासी मंटू कुमार यादव को भी गिरफ्तार किया गया है। एएसपी ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से 4.131 किलो अवैध अफीम, दो कार, छह मोबाइल फोन और कुछ नकदी बरामद की गई है। बताया कि मामले में कैंट थाना मे रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। एएसपी ने बताया कि चंदन यादव और मंटू कुमार ने बताया है कि वे रांची निवासी सुदेश यादव से अफीम लेकर बरेली में चिह्नित स्थानों पर पहुंचाते थे। खरीदार रकम सीधे सुदेश को ऑनलाइन भेजते थे। तेजराम, शेर सिंह और अंकित सिंह ने बताया कि वे सुदेश से माल लेकर दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब और बरेली मे अलग-अलग स्थानों पर सप्लाई कर मोटा मुनाफा कमाते थे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *