शाहजहांपुर। उप संभागीय परिवहन कार्यालय में चल रहे दलाली के अड्डे के बड़े स्तर पर भंडाफोड़ हो गया। लखनऊ से आई सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार को शाहजहांपुर के उप संभागीय परिवहन कार्यालय में छापा मारकर 25 से अधिक लोगों को पकड़ा और नकद चार लाख रुपये बराबद किए। विजिलेंस को इस कार्यालय में भ्रष्टाचार की शिकायतें मिल रही थी। विजिलेंस के बरेली सेक्टर और जिला पुलिस की टीम ने आसपास दुकाने किराए पर लेकर दलाली कर रहे लोगो को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इसके बाद कार्यालय के अंदर बैठे दलालो के मददगार सरकारी कर्मचारियों को भी हिरासत में लिया गया। पुलिस ने यहां से बड़ी संख्या में चार लाख रुपये की नगदी के साथ कम्प्यूटर, लैपटॉप आदि समान भी बरामद किया। इस कार्यवाही में आरटीओ कार्यालय के बाबुओं के साथ करीब 25 से अधिक दलालो को पुलिस ने हिरासत में लिया है। बरामद रकम के संबंध में भी जानकारी मिली कि इसे घूस के तौर पर देने के लिए लाया गया था। इस मामले में विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों की भी संलिप्तता होने की संभावना है। जांच में दोषी पाए जाने पर उनके विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी। गृह विभाग के प्रवक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भ्रष्टाचार के मामलों में सतर्कता विभाग को कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उनके इस निर्देश पर ही शाहजहांपुर में डिप्टी आरटीओ कार्यालय में अचानक छापा मारा गया। आरटीओ कार्यालयों में ड्राइविंग लाइसेंस और वाहनों के परमिट और फिटनेस आदि दिलाने के नाम पर दलालों का रैकेट सक्रिय है। दलालों की कर्मचारियों व अधिकारियों से ऐसी मिली भगत होती है कि उनके बगैर वहां काम ही नहीं होता। इस संबंध में शासन को लगातार शिकायतें मिलती रहती हैं। इससे पहले डग्गामार वाहनों और ओवरलोडिंग के खेल में आरटीओ अफसरों की भूमिका सामने आई थी। एसटीएफ ने विभाग के यात्री कर अधिकारी समेत कुछ दलालों को गिरफ्तार कर इस मामले का खुलासा किया था। प्रदेश पुलिस की एसआईटी फिलहाल इस मामले की जांच कर रही है।
सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) लखनऊ से टीम के साथ मौके पर जाकर आरटीओ कार्यालय में छापा मारा तो वहां दलालो के साथ कार्यालय में संलिप्तता पाई गयी। कर्मचारियों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। जांच में तथ्य सामने आएंगे। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।।
– एस. आनंद, पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर
बरेली से कपिल यादव
