बरेली। नर्सिंग छात्रा की बर्थ डे पार्टी में लव जिहाद का आरोप लगा हंगामा व मारपीट की गई। प्रेमनगर पुलिस ने पिटने वाले युवकों का ही चालान कर दिया। अधिकारियों ने इस मामले में नाराजगी जताते हुए इंस्पेक्टर प्रेमनगर की भूमिका के जांच के निर्देश दिए हैं। साथ ही बवाल करने वाले बजरंग दल और शिवसेना के कार्यकर्ताओं पर रेस्टोरेंट संचालक की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। प्रेमनगर क्षेत्र के हॉस्टल में रहकर नर्सिंग की पढ़ाई कर रही बदायूं की छात्रा शनिवार को दोस्तों के साथ राजेंद्रनगर स्थित द डेन कैफे एंड रेस्ट्रो में अपना बर्थ डे मना रही थी। पार्टी में छह छात्राएं व चार छात्र थे। जिनमें दो दूसरे समुदाय जुड़े शान व वाकिफ थे। इस दौरान बजरंग दल से जुड़े सुभाषनगर निवासी ऋषभ व मिनी बाईपास निवासी शिवसेना के दीपक कार्यकर्ताओं के साथ नारेबाजी करते हुए वहां पहुंच गए। आरोपियों ने रेस्टोरेंट में हंगामा व तोड़फोड़ की और लव जिहाद का आरोप लगा शान व वाकिफ से मारपीट की। सूचना पर पहुंची प्रेमनगर पुलिस छात्र-छात्राओं को लेकर थाने आ गई। मगर हंगामा करने वालों पर कार्रवाई के बजाय मारपीट में घायल दोनों छात्र शान व वाकिफ और रेस्टोरेंट कर्मचारी शैलेंद्र का ही शांतिभंग में चालान कर दिया। यह करतूत सामने आने पर उच्च अधिकारियों ने नाराजगी जताई तो प्रेमनगर पुलिस बैकफुट पर आ गई। इसके बाद रविवार को रेस्टोरेंट संचालक पीलीभीत मे थाना बरखेड़ा के गांव पतरसिया निवासी शैलेंद्र की ऋषभ ठाकुर, दीपक पाठक और उनके 20-25 अज्ञात साथियों के खिलाफ रेस्टोरेंट में मारपीट व तोड़फोड़, ग्राहकों से अभद्रता के आरोप मे रिपोर्ट दर्ज की गई।।
बरेली से कपिल यादव
