बरेली। ईद के दिन थाना इज्जतनगर के गांव मुड़िया अहमदनगर में दो समुदायों के बीच जमकर बवाल हुआ। लाठी-डंडों से मारपीट के बीच गोलियां चली। कई लोगों के घायल होने के बाद एक पक्ष ने पीलीभीत हाईवे पर जाम लगा दिया। भारी तादाद में पुलिस के पहुंचने के बाद माहौल शांत हुआ। पुलिस ने घटनास्थल से कारतूस के खोखे बरामद किए है। वारदात मे एक पक्ष के चार और दूसरे पक्ष का एक व्यक्ति घायल हुआ है। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। दोनों पक्षों में एक लड़की भगाने को लेकर पहले से तनाव चल रहा था। एक पक्ष के शोभित के मुताबिक उसके चाचा अनिल यादव बरेली-पीलीभीत मार्ग पर एक जगह बैठे थे। गांव तकिया के वाजिद के साथ पहुंचे कई लोगों ने उसे पीटकर घायल कर दिया। घटना का पता लगने पर वे लोग अनिल को छुड़ाने गए तो आरोपी उन पर भी हमलावर हो गए। वाजिद का आरोप है कि सोमवार शाम करीब 7.15 बजे मुड़िया अहमदनगर के अनिल यादव ने 60-70 लोगों के साथ उनके घर पर धावा बोल दिया। लाठी-डंडों से मारपीट के साथ फायरिंग भी की। इस हमले में वह, उनकी पत्नी शबीना, पिता रफीक और परिवार का ही नावेद घायल हो गया। ईद के दिन इस हमले से नाराज वाजिद पक्ष के लोगों ने बरेली-पीलीभीत हाईवे पर जाम लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। घटना की सूचना पर एसपी सिटी मानुष पारीक, सीओ आशुतोष शिवम और इंस्पेक्टर इज्जतनगर विजेंद्र सिंह पहुंचे और कई थानों का फोर्स भी मौके पर बुला लिया गया। पुलिस ने लोगों को समझाकर रोड से हटाया और घायलों को जिला अस्पताल भेजा। एसपी सिटी ने बताया कि सभी घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। फायरिंग नही हुई है। किसी को गोली लगने की पुष्टि नही हुई है। उन्होंने कहा कि मौजूदा और पूर्व प्रधान मामले को बढ़ावा दे रहे हैं। इस प्रकरण में जो भी लोग लिप्त हैं। उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है। वही मुड़िया अहमदनगर मे दो पक्षों के बीच सितंबर 2024 से रंजिश है। बताया जा रहा है कि एक समुदाय की युवती अनिल पक्ष के युवक सुमित के साथ चली गई थी। इसमें युवती की मां ने सुमित व अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने युवती और युवक को पकड़ लिया। बाद में लड़की के बयानों के आधार पर सुमित को पुलिस ने छोड़ दिया और युवती को उसके परिजनों के हवाले कर दिया। तभी से दोनों पक्षों के बीच रंजिश सुलगती रही। सोमवार रात इसी मामले में अनिल और दूसरे पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट में चार लोग घायल हो गए। एक पक्ष के वाजिद ने बताया कि वह युवती के परिजनों की मदद कर रहे हैं। इसी से नाराज होकर नवंबर में सुमित पक्ष के तीन लोगों ने कार चढ़ाकर उनकी हत्या का प्रयास किया। वहीं अनिल पक्ष का आरोप था कि वाजिद पक्ष के लोगों ने उनकी कार पर पथराव किया था। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की थी।।
बरेली से कपिल यादव