इमरजेंसी से लेकर भर्ती वार्ड तक चला निरीक्षण:वार्ड में भर्ती मरीजों और तीमारदारों से सेवाओं के बारे में ली जानकारी

*मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने जिला अस्पताल का किया निरीक्षण
हमीरपुर- जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ.केके गुप्ता ने रविवार को इमरजेंसी से लेकर भर्ती वार्डों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखा। कमियां मिलने पर जिम्मेदारों को फटकार भी लगाई। कई-कई रोज से भर्ती गंभीर मरीजों को तत्काल उच्च चिकित्सा के लिए मेडिकल कॉलेज कानपुर रेफर करने के निर्देश दिए। मरीजों से अस्पताल की सेवाओं के बारे में जानकारी भी ली।
सीएमएस ने सबसे पहले जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण किया। यहां सभी डॉक्टर और पैरा मेडिकल स्टाफ के लोग मौजूद थे। मरीजों की भी अच्छी-खासी संख्या थी। सीएमएस ने मरीजों के तीमारदारों से उनकी बीमारी और डॉक्टरों से उनके उपचार के बावत जानकारी ली। इसके बाद सीएमएस भर्ती वार्ड पहुंचे। यहां सभी वार्डों का निरीक्षण करने के बाद बेडों में साफ-सुथरी चादरें बिछाने के निर्देश दिए। मरीजों से अस्पताल से मिल रहे इलाज के बावत जानकारी ली। यह भी पूछा कि किसी मरीज से बाहर की दवा तो नहीं मंगाई जा रही है। सीएमएस ने अस्पताल में कई-कई दिनों से भर्ती मरीजों को तत्काल उच्च चिकित्सा के लिए मेडिकल कॉलेज कानपुर रेफर करने के निर्देश दिए। बर्न वार्ड के मरीजों का भी हालचाल लिया। यहां लगा एसी कूलिंग नहीं कर रहा था, इसे ठीक कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ फिजीशियन डॉ.आरएस प्रजापति, एनेस्थीसिया डॉ.आरटी बनर्जी, सर्जन डॉ.सिद्धार्थ जैन भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *