बरेली। न्यू बैलेंस कंपनी के नकली जूतों का इंस्टाग्राम पर प्रचार करना दुकानदार को भारी पड़ गया। कंपनी प्रतिनिधि ने पुलिस टीम के साथ छापा मारकर जूते जब्त कर उसे गिरफ्तार करा दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को जमानत दे दी है। संजयनगर निवासी मोहम्मद निहाल अपने नाम से मोहल्ले में ही स्पोर्ट्स शूज की दुकान चलता है। पिछले दिनों उसने न्यू बैलेंस (एनबी) कंपनी के 5-30 हजार रुपये तक के जूते 1800-2500 रुपये में बेचने संबंधी रील इंस्टाग्राम पर अपलोड की। इस पर दिल्ली में अंबिका विहार निवासी कंपनी प्रतिनिधि अंकित कुमार बरेली पहुंचे और पूरी जानकारी जुटाने के बाद बारादरी पुलिस के साथ निहाल की दुकान पर पहुंचे। तलाशी में उसकी दुकान से न्यू बैलेंस कंपनी के 37 जोड़ी जूते, आठ टीशर्ट और कंपनी के नाम वाले कैरी बैग बरामद हुए। सारा सामान जब्त कर पुलिस ने निहाल को गिरफ्तार कर लिया। कंपनी प्रतिनिधि की ओर से उसके खिलाफ थाना बारादरी में रिपोर्टदर्ज कराई गई है। इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय ने बताया कि आरोपी को थाने से जमानत पर रिहा कर दिया गया है। पूछताछ मे आरोपी ने बताया कि न्यू बैलेंस के असली जूतों की कीमत 5 से 30 हजार रुपये तक है। वह पहली बार करोल बाग से सस्ते जूते खरीदकर लाया था और 1800 से 2500 रुपये तक बेचकर अच्छा मुनाफा कमाया। पहली बार उसने दस जोड़ी जूते खरीदे थे। जब उसे ज्यादा मुनाफा हुआ तो वह ज्यादा माल ले आया मगर इंस्टाग्राम पर रील बनाकर प्रचार करने के चक्कर में फंस गया।।
बरेली से कपिल यादव
