बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। नगर पंचायत चुनाव को लेकर सरगर्मी बढ़ने लगी है। स्थानीय निकाय चुनाव की तैयारियों मे सभी दल अपनी ताकत लगाए हुए है हालांकि अभी महापौर से लेकर नगर के आरक्षण की स्थिति स्पष्ट नही है लेकिन सभी दल मतदाताओं पर पकड़ मजबूत करने मे जुटे है। नगर पंचायत अध्यक्ष व सभासदों के टिकट के लिए जोर आजमाइश शुरू हो गई है। दावेदार इच्छुक पार्टियों से टिकट पाने के लिए अभी से गोटियां बिछाने मे लगे है। दावेदारों की सबसे लंबी सूची भाजपा के पास है। अधिकांश नेता सत्ताधारी पार्टी से टिकट पाने के लिए हर जतन कर रहे हैं। कोई दलीय निष्ठा का हवाला दे रहा है तो किसी के पास संघषों की लंबी फेहरिस्त है। सपा, बसपा व कांग्रेस से जुड़े नेता भी अपने-अपने दलों में टिकट पाने के लिए पैरवी मे जुट गए है। नगर पंचायत के चौक-चौराहे बैनर, पोस्टर से सजने लगे है। सभी जातीय गोलबंदी व प्रभाव के हिसाब से अपनी जीत का दावा कर रहे है। सभी दावेदार अभी से बैनर, पोस्टर लगाकर अपनी इच्छा का इजहार कर दिया है। अपनी दावेदारी पेश करने वाले संभावित दावेदारों के नाम प्रकाश मे आ रहे है। उसके मद्देनजर कोई किसी से कम नजर नही आ रहा है। सबके पास अपने-अपने चुनाव जिताऊ समीकरण है। जिनके आधार पर चुनावी मैदान मे अपनी दावेदारी ठोक रहे है। वर्तमान स्थिति को देखकर इस बार के चुनाव को नगर मे आईपीएल ट्राफी की तरह देखा जा रहा है। इसमे कोई भी टीम अप्रत्याशित तरीके से अच्छा प्रदर्शन कर सकती है और नगर पंचायत अध्यक्ष पद की ट्राफी अपने नाम कर सकती है फिर भी राजनीतिक विश्लेषक इस चुनाव मे अध्यक्ष पद के लिये त्रिकोणीय संघर्ष होने की संभावना जता रहे है।।
बरेली से कपिल यादव
