सीबीगंज, बरेली। थाना सीबीगंज क्षेत्र के गांव बंडिया में शुक्रवार कि सुबह शौच को गई दो बहनों पर आदमखोर कुत्तों ने हमला कर दिया। जिसमें एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसने अस्पताल ले जाने के दौरान उसने दम तोड़ दिया। थाना सीबीगंज क्षेत्र के गांव बंडिया में यह घटना शुक्रवार की सुबह पौने सात बजे हुई। गांव में ही रहने वाले दिनेश कुमार बड़े तांगा चालक हैं। उन्होंने बताया कि सुबह उनकी दोनों बच्चियां शौच के लिए खेत की तरफ जा रही थी। इसी दौरान आदमखोर कुत्तों ने उन पर हमला बोल दिया। जिसमें रोहिणी (7) को आदमखोर कुत्तों ने बुरी तरह नोच- नोच कर गंभीर घायल कर दिया। बच्चियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे हैं किसान दौड़कर मौके पर पहुंचे और आदमखोर कुत्तों को भगाया। लेकिन तब तक आदमखोर कुत्ते बच्ची के पूरे शरीर को जगह जगह नोच कर गंभीर घायल कर चुके थे जबकि रोहिणी की बड़ी बहन 9 वर्षीय रोशनी को किसानों ने किसी तरह बचा लिया। गांव वालों की सूचना पर बच्ची के पिता दिनेश भी मौके पर पहुंच गए। गंभीर घायल बच्ची को अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मृतक बच्चे के पिता ने बताया कि उनकी पत्नी निर्मला की भी कुछ वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है। घर में सिर्फ दो बेटियां ही थी। घर की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है, हमारा कच्चा मकान है। शौचालय न होने के चलते बच्चे बाहर ही जंगल में शौच को जाते हैं। मृतक बच्ची गांव में ही सरकारी स्कूल में कक्षा द्वितीय की छात्रा है। बंडिया गांव में मांस की कई दुकान और गांव के बाहर मुर्गी फॉर्म भी है। कूड़े के ढेर पर जगह-जगह मीट के अवशेष पड़े रहते हैं। कुत्ते मीट के अवशेषों को खा-खा कर आदमखोर हो गये हैं। कई बार अवशेषों को खाने के लिए कुत्ते आपस में ही लड़ जाते हैं। राजाराम कश्यप ने बताया गांव में कुत्तों के आतंक के चलते बच्चों का खेलना दुश्वार हो गया है। डर के मारे बच्चे घरों से बाहर नहीं निकलते है।
बंडिया क्षेत्र में कुत्तों का जबरदस्त आतंक है। मैंने नगर निगम में कई बार आदमखोर कुत्तों को पकड़ने और उनकी नसबंदी कराने के लिए कई बार लिखित शिकायत भेज चुका हूं मगर नगर निगम की ओर से कोई कार्यवाही नहीं की गई है।
धर्मवीर साहू, क्षेत्रीय पार्षद
बरेली से कपिल यादव