बरेली। शहर के थाना बारादरी क्षेत्र से आठ दिन पहले एक युवक मजदूरी करने के लिए घर से निकला था। जब देर रात तक घर नहीं लौटा तो पत्नी व बच्चों ने उसकी तलाश शुरू की लेकिन कुछ पता नही चला। कई बार पुलिस से शिकायत करने के बाद भी पुलिस की मदद नही मिली। पीड़ित महिला ने पति की तलाश मे बारादरी पुलिस से गुहार लगाई है। थाना बारादरी क्षेत्र के पुराना शहर स्थित नवादा शेखान की रहने वाली रेखा पिछले आठ दिनो से शहर के अलग-अलग इलाकों में लापता पति की तलाश कर रही है। रेखा ने बताया कि उनके पति कुलदीप कबाड़ी का काम करते है। 31 जनवरी की सुबह वह ठेला व तौल का सामान लेकर घर से फेरी के लिये निकले थे। देर रात घर नही लौटने पर महिला ने पति की तलाश शुरू की। आसपास के इलाको समेत रिश्तेदारी मे भी तलाश किया लेकिन कोई पता नही चला। रेखा ने थाने में पति के लापता होने की शिकायत की। पुलिस ने मदद का आश्वासन दिया लेकिन कोई कार्रवाई नही हुई। पुलिस के झूठे दिलासे के बाद रेखा और उनके तीन छोटे बच्चों ने कुलदीप को शहर के अलग-अलग इलाकों में ढूंढना शुरू किया लेकिन कुलदीप का कुछ पता नही चल सका। पीड़िता ने सोमवार को बारादरी पुलिस से मदद की गुहार लगाई। पुलिस तहरीर मिलने के बाद मजदूर की तलाश में जुट गई है।।
बरेली से कपिल यादव