बरेली। शहर मे 26 सितंबर को हुए बवाल के बाद से ही बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) की ओर से मौलाना के करीबियों की अवैध संपत्तियों पर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अक्टूबर में मौलाना को शरण देने वाले फाइक एन्कलेव निवासी फरहत के आवास और कारीबियों में शामिल पीलीभीत बाईपास रोड स्थित मो. आरिफ के फहम लॉन, फ्लोरा गार्डन और स्काई लार्क होटल को बीडीए ने सील कर दिया था। सूत्रों के अनुसार, मौलाना से कनेक्शन होने पर हो शनिवार को बीडीए ने जगतपुर स्थित अवैध दोमंजिला कॉम्प्लेक्स और पीलीभीत बाईपास रोड पर स्थित शोरूम पर कार्रवाई की गई है। पीलीभीत बाईपास रोड और जगतपुर मे वह मंजर था। जिसे देखकर हर कोई सन्न रह गया। दोनों जगहों पर बनी आरिफ की अवैध बिल्डिंग सुबह नौ से शाम पांच बजे तक आठ घंटे में खंडहर बन गई। रोज की तरह सुबह 10 बजे दुकानदार अपनी दुकानें खोलने पहुंचे थे। किसी को अंदेशा भी नही था कि कुछ ही घंटों बाद वही दुकाने मलबे मे तब्दील हो जाएंगी। जैसे ही पुलिस, पीएसी और बीडीए की टीम भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंची, लोगों के होश उड़ गए। टीम ने सभी दुकानदारों और शोरूम संचालकों को तुरंत परिसर खाली करने को कहा। यह सुनते ही कई लोगों की आंखें भर आई। किसी के पास सालों की मेहनत थी। किसी के सपनों की दुकान। लोग सिसकते हुए अपना सामान बाहर निकालते रहे। शनिवार की सुबह पीलीभीत बाईपास स्थित कपड़े का शोरूम और जगतपुर स्थित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के व्यापारी अपनी दुकानों को भारी मन से खाली करने में लगे रहे। जगतपुर के शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और पीलीभीत बाईपास स्थित शोरूम पर ध्वस्तीकरण से पहले बीडीए टीम ने दोनों स्थानों की विजली सप्लाई काट दी। इसके बाद अफसरों ने मौके का निरीक्षण किया व कर्मचारियों को तुरंत दुकानों से सामान हटाने के निर्देश दिए। फिर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू हुई। व्यापारियों व उनके परिजनों की आंखें भर आई। दुकानों में काम करने वाले कई युवा ऐसे थे, जिनके घरों में चूल्हा तक नहीं जला। हालांकि उन्हें किसी चमत्कार की उम्मीद थी लेकिन कुछ नहीं हुआ। सुबह 11 बजे के बाद सभी दुकानों को खाली कर दिया गया था। इसके कुछ ही मिनट बाद बुलडोजर कॉम्प्लेक्स और शोरूम के सामने आकर खड़े हो गए। मशीनें जैसे ही दीवारों पर चलों, लोगों की उम्मीदें भी टूटने लगी। सुबह 11:15 बजे शुरू हुई ये कार्रवाई लगातार आठ घंटे चली। शाम तक पूरा अवैध कॉम्प्लेक्स और शोरूम खंडहर में बदल चुके थे।।
बरेली से कपिल यादव
