बरेली। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य बुधवार को और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बृहस्पतिवार को बरेली आएंगे। जिला प्रशासन और विकास विभाग के अधिकारी मंगलवार को समीक्षा बैठक की तैयारियों में जुटे रहे। सर्किट हाउस को अंदर से बाहर तक सजाया गया है। गांधी उद्यान पार्क के गेट से लेकर सर्किट हाउस चौराहे तक मार्ग को साफ-सुथरा कर दुरुस्त किया गया है। सीएम योगी आदित्यनाथ गुरुवार को करीब दो घंटे तक बरेली मे रहेंगे। इससे पूर्व बुधवार को उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य के कार्यक्रम को लेकर भी पुलिस की व्यवस्थाएं चाक चौबंद की गई हैं। पूरे दिन तैयारियां चलती रही। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था का फुलप्रूफ प्लान तैयार किया गया है। पुलिस टीम ड्रोन कैमरों के जरिये सीएम के रूट और कार्यक्रम की निगरानी करेगी। सीएम के कार्यक्रम स्थल के आसपास और रूट पर सादा कपड़ों में पुलिस टीम तैनात रहेगी। उन्होंने बताया कि बुधवार को उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य और फिर गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम है। दोनों के लिए ही फोर्स की ड्यूटी लगा दी गई है। बुधवार को पुलिस लाइन मे मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर ब्रीफिंग होगी। इसमें रेंज के चारों जिलों से आया फोर्स शामिल होगा।।
बरेली से कपिल यादव
