आईपीएस अधिकारी बताकर फौजी की पत्नी से 15.30 लाख की ठगी

बरेली। साइबर ठगों ने पूर्व फौजी की पत्नी को अपने जाल में फंसा लिया। उन्हें फोन कर कहा कि उनके खाते में अवैध तरीके से धनराशि आई है। जिसकी जांच होना है। यदि जांच नही कराएंगी तो उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा। डर की वजह से महिला ने साइबर ठगों के खातों में तीन बार में 15.30 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब तक उन्हें ठगी के बारे में पता चला छह माह बीत चुके थे हालांकि अब साइबर थाना पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इज्जतनगर के गायत्री नगर निवासी सुनीता सिंह ने पुलिस को बताया कि उनके पति अनिल कुमार सिंह का निधन हो चुका है। पिछले वर्ष 31 जुलाई को उनके वाट्सएप नंबर पर एक काल आया। फोन करने वाले ने खुद को दिल्ली पुलिस मे आइपीएस अधिकारी सुनील कुमार गौतम बताते हुए धमकी भरे लहजे में कहा कि उनके खाते में अवैध तरीके से धनराशि जमा की गई। उनका खाता किसी धोखाधड़ी में इस्तेमाल किया गया है इसलिए जरूरी है कि उस खाते में जो भी रकम है सभी की जांच की जाए। पुलिस का नाम सुनते ही सुनीता डर गई। इसी का फायदा उठाकर ठगों ने उनसे तीन दिनों में 15.30 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। झांसा दिया कि जांच के बाद 90 दिनों के भीतर उनका पूरा रुपया वापस ट्रांसफर कर दिया जाएगा। करीब छह माह बीतने के बाद भी जब उनका रुपया वापस नही आया तो उन्होंने एक कैफे संचालक को सभी दस्तावेज दिखाकर उन्हें प्रिंट करके देने को कहा। कैफे संचालक ने जब देखा तो बताया कि उनके साथ ठगी कर हो गई है। इसके बाद सुनीता ने साइबर थाने में मामले का मुकदमा दर्ज कराया है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *