आंवला मे तीन शातिर चोर गिरफ्तार, तमंचा- कारतूस, नकद व मोबाइल बरामद

आंवला, बरेली। जनपद के थाना आंवला पुलिस ने गुरुवार को एक गिरोह के सक्रिय तीन शातिर चोरों को तमंचा समेत गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद किया है। पुलिस ने तीनों को जेल भेज दिया है। यह चोर मुखौटा पहन चोरियां करते थे। बुधवार को पुलिस उपनिरीक्षक सचिन कुमार, अमरीश शर्मा, नितिन शर्मा, सिपाही अमरदीप, रविशंकर बदायूं रोड पर गश्त कर रहे थे, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध लोग मधुबन कॉलोनी के पास खड़े हैं। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर रौनक निवासी पुरैना ढाल आंवला, मोहित निवासी ग्राम फतेहगंज थाना बिशारतगंज और सौरभ उर्फ कुक्कू निवासी कच्चा कटरा, आंवला को दबोच लिया। तलाशी के दौरान इनके पास से एक तमंचा, कारतूस, 8550 रुपये नकद और एक मोबाइल बरामद किया गया है। पूछताछ में तीनों ने स्वीकार किया कि उन्होंने न्यू सिटी कॉलोनी निवासी सुनील कुमार के घर से चांदी की पायल और नकदी चोरी की थी। केशव गुप्ता के घर का जाल काटकर भी चोरी को अंजाम दिया था। पुलिस ने तीनों की निशानदेही पर चोरी किए गए जेवर बरामद कर लिए हैं। पकड़े गए तीनों आरोपी दोस्त है और साथ मिलकर मुखौटा पहनकर वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस के अनुसार, इन तीनों का पुराना आपराधिक इतिहास है, जिनमें रौनक पर चार, मोहित पर तीन तथा सौरभ पर छह मुकदमे दर्ज है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *