आंधी-बारिश से शहर की बिजली गुल, 33 केवी लाइन मे हुए फाल्ट

बरेली। शुक्रवार को जिले मे दिन भर लोग तेज धूप और गर्म हवाओं से बेहाल हो गए। देर रात मौसम बदला और तेज आंधी चलने के बाद बारिश हुई और शहर की बिजली भी गुल हो गई। 33 केवी की लाइन में फाल्ट होने से दिक्कत ज्यादा बढ़ गई। कई जगह तारों पर पेड़ टूटकर गिर गए। मौसम विभाग ने दो दिन और बारिश का अनुमान जताया है। जिले का अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अभी रविवार तक मौसम इसी तरह का रहने का अनुमान है। आंधी और बारिश के बाद शुक्रवार रात शहर के कई इलाकों की बिजली गुल हो गई। सप्लाई बाधित होने पर लोगों ने बिजली विभाग के नंबर पर फोन किया तो बताया गया कि 33 केवी की लाइन में फाल्ट हुआ है। इसके अलावा कई जगह लोकल फाल्ट भी हुए। किला, सुभाष नगर, कर्मचारी नगर, राजेंद्रनगर, इज्जत नगर समेत कई इलाकों में बिजली गुल होने से अंधेरा छा गया। कैंट क्षेत्र समेत कुछ इलाकों में आंधी के चलते तारों पर पेड़ गिर गए, जिस कारण यातायात भी प्रभावित हुआ। वहीं बिहारीपुर कासगरान में बंदरों ने तारों को अव्यवस्थित कर दिया, जिससे शुक्रवार को सुबह 9 बजे से सप्लाई बंद हुई जो देर रात 10 बजे तक भी सुचारू नहीं हो सकी थी। माधवी ने विभाग को सूचित किया लेकिन समस्या का निस्तारण नही हो सका।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *