अस्पताल के हॉस्टल मे नर्स की संदिग्ध हालात मे मौत, नही मिली कोई संदिग्ध वस्तु

बरेली। जनपद के निजी अस्पताल की नर्स का शव रविवार को अस्पताल परिसर मे बने कमरे में मिला। उसकी सहकर्मी नर्स ने इसकी जानकारी अस्पताल प्रशासन व पुलिस को दी। बारादरी थाना पुलिस ने शव सील करवा दिया। पुलिस के मुताबिक प्राथमिक तौर पर मामला पति से फोन पर हुई बहस के बाद अवसाद मे आने और जहरीला पदार्थ खाने का नजर आ रहा है। पुलिस मौत के कारणों को लेकर जांच कर रही है। जनपद शाहजहांपुर के थाना निगोही के गांव कुंवरपुर बंजरिया निवासी सुनील की शादी वर्ष 2014 मे प्रियंका से हुई थी। प्रियंका मेडिसिटी हॉस्पिटल और सुनील वेदांता हॉस्पिटल मे नर्स है। कुछ मनमुटाव के चलते पिछले करीब छह महीने से प्रियंका पति से अलग अस्पताल के पास ही स्थित हॉस्टल मे रह रही थी। इस कमरे मे एक अन्य नर्स आस्था त्रिपाठी भी रहती है। रविवार को प्रियंका की नाइट ड्यूटी थी लेकिन उसने तबीयत ठीक न होना बताकर रेस्ट ले लिया था। रविवार की सुबह आठ बजे आस्था ने खाना बनाने के बाद प्रियंका को जगाया तो उसने सोने की बात कही। जिसके बाद वह ड्यूटी चली गई। पूर्वाह्न करीब 11:30 बजे आस्था दूध गर्म करने को कमरे मे पहुंची तो प्रियंका को सोता देखकर उठाने की कोशिश की लेकिन वह बेड पर बेसुध अवस्था मे थी। तत्काल प्रियंका को अस्पताल ले जाया गया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना पर बारादरी इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और फोरेंसिक टीम को बुलाकर नर्स के कमरे की जांच कराई गई। मगर कमरे से सुसाइड नोट या जहर जैसी कोई भी दवा बरामद नही हुई। प्रियंका के शरीर पर भी चोट का कोई निशान नही मिला। शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया गया। पुलिस ने हॉस्टल के सीसीटीवी भी चेक किए लेकिन बाहरी व्यक्ति के आने या प्रियंका के बाहर जाने की पुष्टि नही हुई। घटना की सूचना पर प्रियंका के मायके वाले भी हॉस्टल पहुंच गए। उन लोगों ने सुनील पर अपनी बेटी से मारपीट और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। पुलिस की जांच मे सामने आया कि दस दिन पहले प्रियंका ने एक बुटीक भी खोला था जहां वह दिन मे बैठती थी और रात मे अस्पताल मे नौकरी करती थी। सुनील ने यह भी बताया कि प्रियंका उससे कुछ रुपये मांग रही थी लेकिन उसने इनकार कर दिया। इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय ने बताया कि मौत का कारण पोस्टमार्टम मे ही स्पष्ट हो सकेगा। वही पुलिस ने प्रियंका का मोबाइल चेक किया तो सामने आया कि उसने रात भर अपने पति सुनील से बात करने का प्रयास किया। उसने रात मे सुनील को व्हाट्सएप पर 63 बार कॉल की, 47 मैसेज और एक वॉयस मैसेज किया। इन सभी मैसेज मे वह सुनील को सॉरी बोलकर मनाने की कोशिश करती नजर आ रही है। इसको लेकर पुलिस ने सुनील से पूछताछ की तो सामने आया कि वह प्रियंका पर शक करता था। जिसके चलते उनके बीच अक्सर झगड़ा होता था और छह महीने से दोनों अलग रहने लगे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *