बरेली। अभिनेत्री दिशा पाटनी के बरेली शहर स्थित घर पर हुई फायरिंग के मामले में कोतवाली पुलिस ने चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दी है। कुल छह आरोपियों पर आरोप तय हुआ था, जिनमें से गोल्डी बराड़ गैंग के दो शूटरों को मुठभेड़ मे ढेर किया जा चुका है। जिन चार आरोपियों पर चार्जशीट दाखिल की गई है। इनमें दो नाबालिग आरोपी दिल्ली के बाल सुधार केंद्र में तो दो बरेली जिला जेल मे बंद है। इस चार्जशीट मे पुलिस ने नोएडा मे मुठभेड़ में मारे गए दो शूटर्स का भी उल्लेख किया है। 11 व 12 सितंबर 2025 को अभिनेत्री दिशा पाटनी के बरेली चौपुला चौराहा स्थित आवास पर फायरिंग की गई थी। यहां दिशा के पिता रिटायर्ड सीओ जगदीश चंद्र पाटनी, बहन खुशबू पाटनी व मां रहते हैं। घटना के बाद रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ गैंग ने सोशल मीडिया पर दावा किया था कि उन्हीं के लोगों ने यह फायरिंग की है। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने जांच की और 17 सितंबर को गाजियाबाद में नोएडा एसटीएफ, दिल्ली पुलिस और बरेली एसओजी को टीम ने गैंग के दो शूटर, रोहतक के कहनी निवासी रविंद्र और सोनीपत के गोहना रोड निवासी अरुण को मुठभेड़ में मार गिराया। इसके बाद 19 सितंबर को बरेली पुलिस ने शाही थाना क्षेत्र में इस वारदात में शामिल दो अन्य शूटर राजस्थान के जनपद बियावर, थाना जैतारण के गांव बेडकला निवासी रामनिवास उर्फ दीपक उर्फ दीपू और ग्राम राजपुर थाना बड़ी जनपद सोनीपत निवासी अनिल को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में दीपू के पैर में गोली लगी थी। इस वारदात में शामिल बागपत के दो अन्य शूटर दिल्ली में गिरफ्तार कर किशोर सदन भेजे गए। कोतवाली इंस्पेक्टर सुरेश चंद्र गौतम ने बताया कि इस प्रकरण में दो नाबालिग और रामनिवास उर्फ दीपक उर्फ दीपू व अनिल के खिलाफ चार्जशीट लगाकर कोर्ट में दाखिल कर दी गई है। चार्जशीट में मुठभेड़ में मारे गए दो शूटर रविंद्र और अरुण का भी उल्लेख किया गया है।।
बरेली से कपिल यादव
