होली से पहले खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई: 250 किलो रसगुल्ला कराए गए नष्ट

संभल। आगामी होली पर्व को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू कर दिया है। इसी क्रम में शनिवार को ग्राम भिरावटी, थाना धनारी स्थित प्रेमपाल पुत्र शिवराज की रसगुल्ला निर्माण इकाई पर छापेमारी की गई।
निरीक्षण के दौरान सफेद रसगुल्ला का भंडारण बेहद अस्वच्छ और अस्वस्थकर परिस्थितियों में पाया गया। खाद्य सुरक्षा टीम ने मौके पर ही करीब 250 किलोग्राम सफेद रसगुल्ला नष्ट करवा दिया। साथ ही संबंधित खाद्य कारोबार को अग्रिम आदेशों तक बंद रखने के निर्देश दिए गए। टीम ने मौके से नमूना भी संग्रहित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान सहायक आयुक्त (खाद्य) मानवेन्द्र सिंह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार सिंह और सुधीर कुमार सिंह मौजूद रहे।
होली के मद्देनजर चल रहे इस अभियान से मिलावटखोरों में हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि त्योहारों में मिलावट बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

– सम्भल से सैय्यद दानिश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *