हीट वेव का येलो अलर्ट, गर्मी के तेवर छुड़ाने लगे पसीना

बरेली। गर्मी अपने तेवर दिखाने लगी है। हीट वेव को लेकर अभी जिले को येलो अलर्ट में रखा गया है। दिन में लोगों के पसीने छूटने लगे है, रातें भी गर्माने लगी हैं। जिले में सोमवार को अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि पारा बढ़ने के साथ ही जिले को आरेंज या रेड अलर्ट श्रेणी में रखा जाएगा। आईएमडी की आधिकारिक बेवसाइट के अनुसार जिले में अधिकतम तापमान सामान्य से 1.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में 2.5 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। हवा में सुबह 72 प्रतिशत और शाम को 44 प्रतिशत नमी दर्ज की गई। 6-8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। हवा में गर्मी है लेकिन अभी लू जैसी स्थिति नहीं है। अगले महीने गर्म लू के थपेड़ों से लोगों के परेशान होने की संभावना जताई गई है। आंचलिक मौसम केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी जारी रहेगी। मंगलवार से गुरुवार तक तापमान लगभग इतना ही रहेगा। शुक्रवार से रविवार तक अधिकतम तापमान 40-41 डिग्री सेल्सियस दर्ज होने का अनुमान है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और मौसम विभाग की कार्ययोजना के अनुसार जिले में 42 डिग्री पर आरेंज अलर्ट और 44 डिग्री पर हीट वेव का रेड अलर्ट घोषित हो जाएगा। सोमवार को धूप में तेजी होने का असर लोगों पर दिखाई दिया। लोग सिर से कपड़ा लपेट कर निकले। फलों, गन्ने के जूस समेत अन्य पेय पदार्थों दुकानों पर लोगों की भीड़ रही। आहार विशेषज्ञों का कहना है कि गर्मी में ठंडा पानी, नीबू पानी, फलों का रस, छाछ, लस्सी आदि को प्राथमिकता दें। इससे शरीर में तरावट के साथ उर्जा का स्तर भी बना रहेगा। ताजा और जल्दी पचने वाला भोजन करे। तरबूज, आम, खरबूज, खीरा आदि का सेवन ज्यादा करें।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *