बरेली। महाठग कन्हैया गुलाटी की हिस्ट्रीशीट खुलने के बाद भी मुश्किलें कम नहीं हो रही हैं। अब चार अलग-अलग पीड़ितों ने 65.50 लाख की ठगी के चार मुकदमे दर्ज कराए हैं। पीड़ितों का आरोप है कि पैसे वापस मांगने पर कन्हैया गुलाटी जान से मारने की धमकी दे रहा है। पुलिस से शिकायत की, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नही की। इसके बाद कोर्ट के आदेश पर बारादरी पुलिस ने कन्हैया गुलाटी के खिलाफ चार अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए है। पीड़ितों ने उस पर 65.50 लाख की ठगी का आरोप लगाया है। साथ ही पीड़ितों का कहना है कि रुपये वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है। कन्हैया गुलाटी के साथ ही कंपनी के सीईओ को भी मुकदमे में आरोपी बनाया गया है। इज्जतनगर थाना क्षेत्र के संगम विहार करमपुर चौधरी के रहने वाले फरीद खान ने बारादरी थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। उसके मुताबिक, कंपनी के अधिकारियों ने उसे निवेश करने पर मोटा मुनाफा होने का झांसा दिया था। उनके कहने पर उसने भाई-बहनों के साथ मिलकर कैनविज कंपनी में करीब 20 लाख रुपये निवेश किया था। अब कंपनी का एमडी कन्हैया गुलाटी और उसके गुर्गे रुपये लेकर भाग निकले हैं। जब उसने कंपनी के अधिकारियों से रुपये वापस मांगे तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस से शिकायत करने पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई तो उसने अदालत की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर कन्हैया गुलाटी, आशीष महाजन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। मीरगंज का युवक भी ठगी का शिकारः मीरगंज के लभेड़ा दुर्गाप्रसाद के रहने वाले विक्रम कुमार मौर्य ने बताया कि उसके साथ करीब सवा सौ लोगों ने कैनविज कंपनी में निवेश किया था। उसने करीब 5 लाख रुपये कंपनी में लगाए थे लेकिन अब कंपनी के अधिकारी रुपये वापस नही कर रहे है। पीड़ित को दे रहे जान से मारने की धमकीः इज्जतनगर के सिद्धार्थनगर निवासी दिलीप कुमार ने भाई बहनों के साथ मिलकर कैनविज कंपनी में लगभग 5.50 लाख निवेश किया था। कई बार रुपये के लिए परिवार ने कंपनी के चक्कर काटे। व्हाट्सएप काल पर उनको जान से मारने की धमकी मिल रही है। इज्जतनगर के दंपति से 35 लाख रुपये ठगे: इज्जतनगर के सिद्धार्थनगर निवासी सुनील सिंह और उनकी पत्नी ने कैनविज कंपनी में 35 लाख रुपये निवेश किए थे। उस समय उनको 22 माह में रुपये दोगुना होने का झांसा दिया था। अब कंपनी के पदाधिकारी रुपये हड़प कर भाग निकले हैं और मोबाइल बंद कर लिया है। पुलिस से शिकायत करने के बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई तो दंपति ने कोर्ट की शरण ली। अदालत के आदेश पर बारादरी पुलिस ने कैनविज कंपनी के मालिक कन्हैया गुलाटी और सीईओ आशीष महाजन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।।
बरेली से कपिल यादव
