शाही, बरेली। भाकियू ने किसान की हत्या का खुलासा न होने पर शाही थाना परिसर मे धरना दिया। एसओ ने किसानों को जल्द खुलासा करने का आश्वासन दिया। इस पर किसानों ने एसओ को ज्ञापन देकर धरना खत्म किया और जल्द खुलासा न होने पर दोबारा धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी। भाकियू के जिलाध्यक्ष सोमवीर सिंह के साथ पदाधिकारी और कार्यकर्ता रविवार को थाना शाही पहुंचे और परिसर मे धरना पर बैठ गए। किसानों ने फतेहगंज पूर्वी के गांव करतोली मे करीब नौ माह पूर्व हुई किसान धनपाल की हत्या का खुलासा करने की मांग की। इसके अलावा किसान यूनियन ने बगरऊ गांव में एक चकमार्ग पर लगे यूकेलिप्टस के दोनों ओर मौजूद पेड़ों और सीमेंट के पोल हटाने की मांग की। यूनियन का कहना है कि दो बार लेखपाल द्वारा पैमाइश हो चुकी है, लेकिन समस्या का समाधान नही हुआ। साथ ही एक तालाब की पैमाइश, बसई गांव की वर्षों पुरानी बाजार की जमीन का मामला तथा एक कार्यकर्ता को झूठे मुकदमे में फंसाए जाने की शिकायतों के समाधान की भी मांग की गई। एसओ राजेश बैसला ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। शीघ्र खुलासा किया जाएगा। जिलाध्यक्ष ने खुलासा न होने पर दोबारा धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी। बता दें कि करतोली के धनपाल की हत्या के मामले की जांच शाही पुलिस कर रही है। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष मदनलाल गंगवार, हरवीर सिंह, विशाल पाल, अब्दुल वाहिद, हरपाल सिंह, झंडू सिंह गंगवार, मानसिंह गंगवार, महावीर सिंह, जमुना प्रसाद, मदन लाल गंगवार, भूपराम राठौर, रामस्वरूप, बब्लू सिंह, तहसील संरक्षक राकेश कुमार, मानसिंह युवा तहसील अध्यक्ष विशाल पाल एडवोकेट, संरक्षक राकेश कुमार, आदि उपस्थित रहे।।
बरेली से कपिल यादव
