स्वयं सहायता समूह के तैयार उत्पादों के व्यापारियों ने खरीदा, सीडीओ ने की प्रशंसा

बरेली। भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना लोकल फॉर वोकल और उत्तर प्रदेश सरकार की महिलाओं को स्वाबलंबी बनाने हेतु स्वयं सहायता समूह योजना को गति प्रदान करने का बीड़ा उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल ने उठाया है। जिलाधिकारी के आह्वान पर प्रांतीय महामंत्री राजेंद्र गुप्ता ने इन समूहों मे निर्मित सामान को बाजार मे उचित मूल्य पर दाम दिलाने का संकल्प लिया था। स्वयं सहायता समूह के द्वारा बनाये गए उत्पादों जैसे चप्पल, सैनेट्री नेपकिन, पर्दे आदि का टोकन के रूप मे व्यापार मंडल के द्वारा लगभग 29000 का सामान क्रय किया गया। इसके साथ ही उद्योग व्यापर मंडल के रेडीमेड गारमेंट्स, नमकीन, विद्युत, मेडिकल एसोसीएशन आदि के द्वारा आश्वासन दिया गया कि समूहों के द्वारा मानक के अनुसार निर्माण की गयी चीजों का क्रय किया जाएगा। सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी के कार्यालय मे परियोजना निदेशक ग्राम विकास तेजवंत सिंह ने विभिन्न ब्लॉको से समूह के उत्पादों को मंगाकर व्यापार मंडल से चैक प्रदान कराया। मुख्य विकास अधिकारी जग प्रवेश ने व्यापार मंडल की प्रशंसा करते हुए कहा कि बरेली में व्यापार मंडल बहुत सक्रिय व ऊर्जावान है तथा शहर के विकास और सामाजिक समरसता की सदैव चिंता करता है। प्रांतीय महामंत्री राजेंद्र गुप्ता ने कहा कि यूं तो व्यापार मंडल अनेकों सामाजिक कार्य करता है परंतु ग्रामीण बहनों को व्यापार मंडल के माध्यम से आर्थिक शक्ति प्रदान करना और प्रधानमंत्री के वोकल फार लोकल मिशन को कामयाब करना व्यापार मंडल का सर्वोत्तम उपलब्धि होगी। महानगर महामंत्री राजेश जसोरिया ने आश्वासन दिया कि व्यापार मंडल स्वयं सहायता समूह के लिए क्रेता और विक्रेता के मध्य सेतु का कार्य करेगा और तकनीकी सहायता भी उपलब्ध कराएगा। इस अवसर पर व्यापार मंडल के महानगर कोषाध्यक्ष संजीव चांदना, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दुर्गेश खटवानी, मनमोहन सब्बरवाल, प्रदीप राजानी, अनिल गुप्ता, जुगल सुखानी, राजेंद्र अरोड़ा राजू, श्याम मिठवानी आदि उपस्थित रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *