बरेली। जनपद के थाना कोतवाली क्षेत्र मे खोखे पर स्मैक तस्करी की शिकायत करने पर दो बहनों के साथ दबंगों ने छेड़छाड़ और मारपीट की। एडीजी के आदेश पर पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली क्षेत्र की महिला ने आरोप लगाया कि पड़ोसी ने उनके मकान की दीवार से सटे स्थान पर एक खोखा रख लिया था। खोखे से मादक पदार्थों की तस्करी की जाती थी। इस खोखे पर रोजाना संदिग्ध युवक खड़े होते थे और आने-जाने वाली महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी करते थे। उसकी बहन के साथ भी कई बार छेड़छाड़ की गई। उसने मामले की शिकायत नगर निगम के अधिकारियों कर खोखा हटवा दिया। जिससे आरोपी पक्ष रंजिश मानने लगा। कुछ दिनों बाद दबंगई दिखाते हुए आरोपियों ने दोबारा खोखा रख दिया। जब इसका विरोध किया तो 5 मई को दबंगों ने राह चलते उसके साथ मारपीट की। वह खुद को बचाने के लिए जब वह घर के अंदर भागी तो आरोपी पीछे-पीछे घर मे घुस आए और फिर से मारपीट की। आरोप है कि पीड़िता की बहन को जबरन कमरे में ले जाकर उसके साथ अश्लील हरकतें की और कपड़े फाड़ने की कोशिश की। शोर सुनकर पीड़िता का भाई मौके पर पहुंचा। तब जाकर आरोपी फरार हो गए। जाते समय उन्होंने धमकी दी कि अगर थाने में रिपोर्ट लिखाई तो पूरे परिवार को जान से मार देंगे। कोतवाली पुलिस ने आरोपी विक्रम चंद्रा, अर्जन, मुकुल चंद्रा, अश्वनी, अशोक नाथ चंद्रा और कृष्णा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।।
बरेली से कपिल यादव