सुपीरियर शराब फैक्ट्री पर आयकर छापा, 30 घंटे से खंगाल रहे दस्तावेज

बरेली। जनपद के थाना सीबीगंज स्थित सुपीरियर शराब फैक्ट्री पर मंगलवार देर शाम आयकर विभाग की टीम ने छापेमारी की कार्रवाई की। बताया जा रहा है कि दिल्ली से आई टीम ने फैक्ट्री परिसर मे पहुंचकर अलग-अलग विभागों में एक साथ जांच शुरू कर दी। पांच गाड़ियों से पहुंचे अधिकारी 30 घंटे से ज्यादा समय से फैक्ट्री में कई ब्रांड की देसी और अंग्रेजी शराब के उत्पादन और विक्री के रिकार्ड खंगाल रहे हैं। फैक्ट्री के अंदर एक ट्रक पीएसी के जवान डेरा जमाए है। आयकर टीमों ने मालिक, मैनेजर सहित कई सीनियर पदाधिकारियों के साथ वरिष्ठ कर्मचारियों के मोवाइल कब्जे में ले लिए है। अचानक हुई इस कार्रवाई से फैक्ट्री प्रबंधन और कर्मचारियों में खलबली मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंगलवार देर शाम कई सरकारी वाहनों का काफिला फैक्ट्री के बाहर आकर रुका। वाहन बाहर खड़े करने के बाद अधिकारी और कर्मचारी सीधे फैक्ट्री परिसर मे दाखिल हुए और वित्त, लेखा, एचआर सहित अन्य महत्वपूर्ण विभागों में पहुंचकर दस्तावेजों की जांच प्रारंभकर दी। शुरुआती कुछ समय तक फैक्ट्री के जिम्मेदार अधिकारी भी कार्रवाई की प्रकृति को लेकर अनभिज्ञ रहे। बाद में स्पष्ट हुआ कि यह आयकर विभाग की छापेमारी है। सूत्रों के मुताबिक, टीमों ने प्रवेश करते ही संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों के मोबाइल फोन अपने कब्जे मे ले लिए, ताकि किसी प्रकार की सूचना बाहर न जा सके। इसके साथ ही कई कंप्यूटर सिस्टम की हार्ड डिस्क भी जब्त कर ली गई। टीमों ने खरीद-फरोख्त, वित्तीय लेन-देन, कर विवरणी और अन्य अभिलेखों से जुड़े दस्तावेजों को गहनता से खंगालना शुरू कर दिया। उधर, इस विषय मे सुपीरियर इंडस्ट्रीज प्रबंधन से बात करने की कोशिश की गई लेकिन कॉल रिसीव नही किए जाने से बात नही हो सकी। कार्रवाई के दौरान कुछ कर्मचारियों ने निजी कारणों का हवाला देकर बाहर जाने की अनुमति मांगी, लेकिन टीमों ने जांच पूरी होने तक इजाजत देने से मना कर दिया। जब्त की गई फाइलों, डिजिटल डाटा और अन्य दस्तावेजों की मौके पर ही प्राथमिक जांच की गई जबकि कुछ रिकॉर्ड आगे की विस्तृत पड़ताल के लिए अपने साथ ले जाए जाने की संभावना जताई जा रही है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *