बरेली। सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (सीबीएसई) द्वारा आयोजित केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटीईटी) के दूसरे दिन रविवार को जिले के 24 केंद्रों पर शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित माहौल में सम्पन्न हुई। परीक्षा के दौरान प्रशासन ने सुरक्षा और अनुशासन को प्राथमिकता देते हुए कड़े इंतजाम किए। इसके कारण परीक्षा प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सकी। रविवार को प्रथम पाली में 92 प्रतिशत उपस्थिति के साथ 11,160 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 10,290 ने परीक्षा दी। द्वितीय पाली में 93 प्रतिशत उपस्थिति के साथ 7,922 में से 7,420 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। परीक्षा केंद्रों से बाहर आए परीक्षार्थियों ने प्रथम पाली में प्राइमरी के पेपर को सामान्य बताया। वही द्वितीय पाली में जूनियर के पेपर को अपेक्षाकृत लंबे प्रश्नों के कारण पेपर में समय कम होने की बात कही। प्रश्नों को पढ़कर समझने में अधिक समय लगने के कारण उनके लिए समय प्रबंधन चुनौतीपूर्ण रहा दोनों पालियों में परीक्षार्थियों ने परीक्षा को सामान्य स्तर का बताया। वही सीटीईटी के दौरान रविवार को बेदी इंटरनेशनल स्कूल केंद्र पर सुरक्षा जांच के समय महिला अभ्यर्थियों से मंगलसूत्र उतरवाने को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। प्रवेश से पूर्व जांच प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा कर्मियों ने नियमों का हवाला देते हुए धातु आभूषण हटाने के निर्देश दिए। इस पर महिला अभ्यर्थियों ने आपत्ति जताते हुए इसे अपनी धार्मिक और व्यक्तिगत आस्था से जुड़ा विषय बताया और विरोध दर्ज किया। इसका वीडियो भी वायरल हुआ। कुछ समय तक केंद्र के बाहर बहस की स्थिति बनी रही।।
बरेली से कपिल यादव
