फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। सावन के एक दिन पहले आषाढ़ के अंतिम दिन भी रुक रुक कर बारिश हुई। रविवार की सुबह से ही घने बादल छा गए बादलों के कालेपन से चारों तरफ अंधेरा छा गया और नौ बजे से तेज बारिश शुरू हो गई। कुछ देर हुई बारिश के बाद दोपहर में फिर से उमस बढ़ गई। बारिश होने से किसानों के साथ साथ आम लोगों का भी दिल खुश हो गया। समय पर मानसून के पहुंचने के बाद भी अभी तक जिले के लोग अच्छी बारिश के लिए तरस रहे हैं। अभी तक एक भी दिन ऐसा नहीं हुआ है कि लगातार चार से पांच घंटे बारिश हुई हो। किसान भी धान रोपने के लिए बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। डीजल की महंगी कीमतों के कारण उनकी जेब ज्यादा ढीली हो रही है। मौसम विभाग ने अगले चार दिन बारिश होने की संभावना जताई है। यदि ऐसा होता है तो सावन की शुरुआत अच्छी रहेगी।।
बरेली से कपिल यादव