फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। सावन के महीने में शनिवार की दोपहर में झमाझम बारिश हुई। एक घंटे की बारिश में हर तरफ पानी ही पानी भरा दिखा। आलम यह रहा कि शहर व कस्बे की कई सड़कों पर जलभराव की स्थिति रही। इसके साथ ही लोगों के घरों में भी पानी घुस गया। सावन के महीने में रूठे चल रहे मानसूनी बादलों ने कुछ मेहरबानी दिखाई। शहर व कस्बे में टुकड़ों टुकड़ों में तेज बारिश हुई। सबसे पहले लगभग 11:30 बजे से इज्जतनगर क्षेत्र में बरसात शुरू हुई। इसके बाद में पीलीभीत बाईपास पर भी बरसात शुरू हो गई। धीरे-धीरे कर बादलों ने पूरे शहर को अपने कब्जे में ले लिया। 12.30 बजे सीबीगंज व फतेहगंज पश्चिमी में भी जोरदार बरसात शुरू हो गई। बारिश होने से लोगों को गर्मी से कुछ राहत महसूस होती दिखी। बरसात से किसानों के चेहरे भी खिल गए। बारिश न होने के कारण उन्हें महंगे डीजल को खरीद कर सिंचाई करनी पड़ रही है। इसके अलावा झमाझम बारिश से कई मोहल्लों की गलियों में पानी भर गया है। सफाई न होने से नालियां भी उफान पर आ गई और लोगों के घरों में पानी घुस गया। एक घंटे की बारिश ने जोर पकड़ा तो शहर व कस्बो के तमाम हिस्सों में जलभराव हो गया। पानी तो धीरे-धीरे निकल गया, लेकिन पीछे भारी गंदगी छोड़ गया।।
बरेली से कपिल यादव