सर्वर डाउन होने से ड्राइविंग लाइसेंस बनाने का काम थमा

बरेली। आरटीओ (क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय) मे सर्वर डाउन होने से ड्राइविंग लाइसेंस बनाने काम प्रभावित हो रहा है। सर्वर अपडेट होने की वजह से यह समस्या पिछले सप्ताह दिन से चल रही है। शुक्रवार को सर्वर में दिक्कत रही। शनिवार दोपहर बाद सर्वर पूरी तरह बंद हो गया। सोमवार को सुबह में कुछ समय के लिए सर्वर चलने के बाद दोपहर बाद फिर बैठ गया। इसके चलते न तो डीएल के लिए फोटो खिंच पाए और न ही लाइसेंस का काम आगे बढ़ पाया। घंटों आवेदकों की कार्यालय में लाइन लगी रही और उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ा। आरटीओ मे प्रतिदिन 99 लाइसेंस रिन्यूवल और 250 लाइसेंस स्थाई बनाए जाते है। सर्वर डाउन होने ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़े काम अटके हैं। इससे आवेदकों के साथ अफसर और कर्मी भी परेशान हैं। उनका कहना है दिन में कई बार सर्वर चलता भी है तो उसकी धीमी गति से प्रक्रिया पूरी होने में अधिक समय लगता है। जिस कारण आवेदक को परेशान होना पड़ता है। डीटीआई कार्यालय में सुबह करीब 11 बजे ही सर्वर ठप हो गया। ऐसे में लाइसेंस रिन्युअल कराने और स्थाई लाइसेंस बनवाने वालों की भीड़ लगी रही, लेकिन काम नहीं हुआ। दोपहर में कुछ देर के लिए सर्वर दुरूस्त हुआ। इसके बाद ड्राइविंग लाइसेंस रिन्युअल और स्थाई लाइसेंस बनाने का कार्य जैसे ही शुरू किया गया, उसके चंद मिनट बाद सर्वर फिर धीमा हो गया। एआरटीओ डॉ. पीके सरोज का कहना है कि इंटरनेट कार्य नहीं करने की वजह से सर्वर की समस्या रही है। पिछले सप्ताह से ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़े मामलों की पेंडेंसी भी बढ़ गई। सर्वर की यह समस्या बरेली ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश में बनी हुई। डीटीआई कार्यालय में मिले राजेंद्र, विनोद आदि ने बताया कि ऑनलाइन स्लाट बुक करने के बाद भी परेशानी हो रही है। उन्हें जहां ऑफिस के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। वहीं, दो से तीन तीन बार चक्कर लगाने के बाद भी सर्वर न चलने पर उनको लौटना पड़ता है। राजेंद्र ने बताया कि दो बार वह पहले आ चुके हैं। कर्मचारियों ने बताया था कि सोमवार को सर्वर ठीक हो जाएगा, लेकिन स्थिति जस की तस है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *